ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट 2026: हैदराबाद में आज जुटेगा एग्रीटेक और आईटी जगत
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में होने वाली इस मीट में कृषि नवाचार और तकनीकी निवेश के अवसरों पर प्रमुख कंपनियों के साथ चर्चा की जाएगी।

राजस्थान को कृषि नवाचार, एग्रीटेक निवेश और तकनीक आधारित कृषि विकास का अग्रणी केंद्र बनाने की दिशा में कृषि विभाग, राजस्थान द्वारा फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) तथा राजस्थान फाउंडेशन के सहयोग से ‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)–2026’ के तहत 8 मई शुक्रवार को हैदराबाद में महत्वपूर्ण इनवेस्टर मीट आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम में कृषि, एग्रीटेक, आईटी, बीज प्रौद्योगिकी, संरक्षित खेती और कृषि अनुसंधान से जुड़े प्रमुख उद्योग प्रतिनिधि, निवेशक और विशेषज्ञ भाग लेंगे।
इनवेस्टर मीट के दौरान “स्कोप ऑफ आईटी इंटरवेंशन एंड टेक्नोलॉजिकल इनोवेशन इन एग्रीकल्चर” विषय पर विशेष पैनल चर्चा आयोजित होगी। चर्चा में आईटीसी, कोरोमंडल, नुजिवीडु सीड्स, खेयती, आईसीआरआईसैट तथा इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ ऑयलसीड्स रिसर्च (आईआईओआर) जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों और कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। पैनल चर्चा में राजस्थान में एग्रीटेक विस्तार, तकनीकी नवाचार, इंटर-स्टेट सहयोग और कृषि निवेश के नए अवसरों पर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा।
कार्यक्रम में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। उनके साथ कृषि एवं उद्यानिकी मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री जोराराम, सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार, कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की प्रमुख शासन सचिव मंजू राजपाल सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।
इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा निवेशकों, उद्योगपतियों और राजस्थान फाउंडेशन के सदस्यों के साथ विशेष संवाद करेंगे। संवाद में राजस्थान में कृषि आधारित निवेश, एग्रीटेक स्टार्टअप्स, प्रोसेसिंग, सप्लाई चेन और तकनीकी साझेदारी के अवसरों पर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री एग्रीटेक कंपनियों के साथ-साथ फार्मा कंपनियों से भी वन ऑन वन मीटिंग करेंगे।
राज्य सरकार का उद्देश्य ‘ग्राम–2026’ के माध्यम से राजस्थान को कृषि नवाचार, स्मार्ट खेती, जल प्रबंधन, एग्री-इन्फ्रास्ट्रक्चर और तकनीकी कृषि समाधान के क्षेत्र में वैश्विक निवेश का प्रमुख केंद्र बनाना है। हैदराबाद इनवेस्टर मीट को इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि 23 से 25 मई 2026 तक जयपुर में आयोजित होने वाले ‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)–2026’ के मुख्य सम्मेलन की तैयारियां तेज गति से जारी हैं। हैदराबाद इनवेस्टर मीट से पहले दिल्ली, बेंगलुरु और अहमदाबाद में भी इनवेस्टर मीट आयोजित किए जा चुके हैं। अहमदाबाद इनवेस्टर मीट के दौरान राज्य को 150 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश प्राप्त हुआ था। ‘ग्राम–2026’ में देश-विदेश के निवेशकों, उद्योग प्रतिनिधियों और नीति निर्माताओं की बड़ी भागीदारी अपेक्षित है, जिससे राजस्थान को एग्रीटेक और कृषि निवेश के वैश्विक मानचित्र पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
