जयपुर, 04 अप्रैल। राजस्थान सरकार के कृषि विभाग द्वारा 23 से 25 मई को आयोजित होने जा रही ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)–2026 के प्रचार-प्रसार और निवेशकों को आकर्षित करने के उद्देश्य से देशभर के प्रमुख शहरों में रोडशो आयोजित किए जाएंगे। यह रोडशो 10 अप्रैल को जयपुर, 17 अप्रैल को दिल्ली, 24 अप्रैल को अहमदाबाद, 6 मई को हैदराबाद तथा 8 मई को पुणे में आयोजित होंगे। इन रोडशो के माध्यम से निवेशकों, एग्रीटेक कंपनियों, शोध संस्थानों, स्टार्टअप्स और कृषि क्षेत्र से जुड़े विभिन्न हितधारकों को ग्राम–2026 में सहभागिता के लिए आमंत्रित किया जाएगा। साथ ही उन्हें राजस्थान के कृषि क्षेत्र में उपलब्ध निवेश संभावनाओं और राज्य सरकार की विभिन्न पहलों की जानकारी दी जाएगी।

निवेश और आधुनिक तकनीक पर केंद्रित संवाद

रोडशो का मुख्य उद्देश्य राजस्थान को कृषि निवेश के लिए एक प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करना तथा कृषि क्षेत्र में नवाचार, आधुनिक तकनीकों और आईटी आधारित समाधानों को बढ़ावा देना है। इन आयोजनों के दौरान संभावित निवेशकों, एग्रीटेक डेवलपर्स, उद्योग प्रतिनिधियों और नीति निर्माताओं के साथ संवाद स्थापित करते हुए राज्य में कृषि आधारित उद्योगों, प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन से जुड़े अवसरों पर चर्चा की जाएगी। इन रोडशो के माध्यम से देश-विदेश के निवेशकों, एग्रीटेक कंपनियों और विशेषज्ञों को राजस्थान की कृषि क्षमता और उपलब्ध अवसरों से अवगत कराया जा रहा है।

प्रमुख शासन सचिव का आधिकारिक वक्तव्य

‘ग्राम’ के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए प्रमुख शासन सचिव कृषि एवं उद्यानिकी श्रीमति मंजू राजपाल ने बताया कि "ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट–2026 मई माह में आयोजित की जाएगी। इसके लिए आयोजित किए जा रहे रोडशो राज्य के कृषि क्षेत्र को वैश्विक निवेश और उन्नत तकनीकों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं।" रोडशो के दौरान प्रतिभागियों को ग्राम–2026 के अंतर्गत प्रस्तावित विभिन्न गतिविधियों जैसे तकनीकी सत्र, कार्यशालाएं, प्रदर्शनियां, स्मार्ट फार्म एवं पशु प्रदर्शनी, बिजनेस-टू-बिजनेस (बी2बी) और बिजनेस-टू-गवर्नमेंट (बी2जी) बैठकें तथा निवेश संवाद के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।

ग्राम–2026: एक अंतरराष्ट्रीय मंच का स्वरूप

ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)–2026 एक अंतर्राष्ट्रीय आयोजन है, जिसमें निवेशकों, एग्री-उद्यमियों, एग्रीटेक डेवलपर्स, शोधकर्ताओं, नीति निर्माताओं और किसानों की भागीदारी अपेक्षित है। इससे पूर्व ग्राम का आयोजन 2016-17 में किया गया था। इस आयोजन में राज्य के सभी जिलों से 75,000 से अधिक किसानों, 250 से अधिक प्रदर्शकों, भारत और विदेश की 100 से अधिक कंपनियों तथा साझेदार देशों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। इसमें साउथ एशिया, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया तथा उत्तर और दक्षिण अमेरिका के कई सारे साझेदार देशों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। इस आयोजन का उद्देश्य आधुनिक कृषि तकनीकों, नवाचार, निवेश और साझेदारियों को बढ़ावा देना तथा राजस्थान के कृषि क्षेत्र में सतत विकास और किसानों की आय वृद्धि को प्रोत्साहित करना है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story