ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट 2026: जयपुर में कृषि नवाचार पर बड़ी बैठक
अतिरिक्त मुख्य सचिव अभय कुमार ने की तैयारियों की समीक्षा, 1 लाख किसानों की भागीदारी और 1679 करोड़ के निवेश प्रस्तावों पर हुई चर्चा।

जयपुर के पंत कृषि भवन में रविवार को आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव अभय कुमार और कृषि विभाग के आला अधिकारी ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट 2026 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए।
राजस्थान की कृषि व्यवस्था को आधुनिक, तकनीक-आधारित और बाजार-उन्मुख बनाने की दिशा में भजनलाल सरकार ने एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। जयपुर के सीतापुरा स्थित जेईसीसी (JECC) परिसर में 23 से 25 मई तक आयोजित होने जा रहा 'ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (GRAM)-2026' न केवल प्रदेश बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कृषि नवाचार और निवेश का सबसे बड़ा केंद्र बनेगा। इस भव्य आयोजन की पूर्व तैयारियों की समीक्षा के लिए रविवार को पंत कृषि भवन में जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री अभय कुमार की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक संपन्न हुई, जिसमें फिक्की (FICCI) के अधिकारियों सहित विभिन्न समितियों के प्रभारियों ने पीपीटी के माध्यम से प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री अभय कुमार ने तैयारियों का सूक्ष्म अवलोकन करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रदेश की ग्राम पंचायतों से आने वाले एक लाख से अधिक किसानों की सहभागिता के दौरान व्यवस्थाएं चाक-चौबंद होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को पूरी सतर्कता, समन्वय और समयबद्धता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की हिदायत दी ताकि किसी भी किसान को असुविधा न हो। यह आयोजन राजस्थान की कृषि क्षमताओं को वैश्विक पटल पर नई पहचान दिलाने का एक अभूतपूर्व अवसर है, जहां ड्रोन तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, प्रिसिजन फार्मिंग और प्राकृतिक खेती जैसे अत्याधुनिक नवाचारों का जीवंत प्रदर्शन होगा।
बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, तकनीकी सत्रों, विशाल एग्रीटेक प्रदर्शनी, किसानों के आवागमन, आवास और लॉजिस्टिक प्रबंधन पर गहन मंथन किया गया। कृषि आयुक्त श्री नरेश कुमार गोयल ने जानकारी दी कि वैश्विक तकनीकी हस्तांतरण को गति देने के लिए दिल्ली, अहमदाबाद, बेंगलुरु और हैदराबाद में आयोजित रोड शो के अत्यंत सकारात्मक परिणाम मिले हैं। इन रोड शो के माध्यम से अब तक 1679.77 करोड़ रुपये के कुल 126 एमओयू (MOU) प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं, जो राजस्थान के कृषि क्षेत्र में बढ़ते वैश्विक विश्वास को दर्शाते हैं।
इस मेगा इवेंट का मूल उद्देश्य कृषि विशेषज्ञों, नीति निर्माताओं, स्टार्टअप्स और निवेशकों को एक साझा मंच प्रदान कर स्मार्ट सिंचाई, कृषि प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और निर्यातोन्मुख उत्पादन को प्रोत्साहित करना है। समीक्षा बैठक में सचिव एवं रजिस्ट्रार सहकारिता डॉ. समित शर्मा, राजस्थान फाउंडेशन की आयुक्त श्रीमती मनीषा अरोड़ा, जल ग्रहण विकास निदेशक श्रीमती कल्पना अग्रवाल, रीको (RIICO) प्रबंध निदेशक श्री सुरेश कुमार ओला, उद्यानिकी आयुक्त श्रीमती श्वेता चौहान, कृषि विपणन निदेशक श्री राजेश कुमार चौहान, अतिरिक्त निदेशक श्री सुरेंद्र सिंह यादव, जनरल मैनेजर श्रीमती संतोष करौल और उप सचिव श्रीमती स्नेहा लता सहित संबंधित विभागों के आला अधिकारी मौजूद रहे। यह आयोजन प्रदेश के किसानों के लिए समृद्धि के नए द्वार खोलते हुए कृषि को टिकाऊ और लाभकारी बनाने की दिशा में निर्णायक सिद्ध होगा।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
