जयपुर, 6 सितंबर। नर्सिंग के क्षेत्र में नवाचार और तकनीक को आम नर्सेज तक पहुंचाने के संकल्प के साथ नर्सिंग टीचर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया एवं आरएच हेल्थ केयर सिमुलेशन सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ग्लोबल नर्सिंग समिट का समापन हुआ। समिट के दूसरे दिन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉक्टर कुंजीलाल मीणा रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय राज्य कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव सोनी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि डॉक्टर कुंजीलाल मीणा ने नर्सिंग में नवाचार के लिए ग्लोबल नर्सिंग आयोजन समिति को बधाई दी। उन्होंने कहा कि एक ओर दुनिया रोबोटिक नर्सिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की ओर बढ़ रही है, ऐसे समय में इस प्रकार का आयोजन निश्चित तौर पर सार्थक होगा।

कार्यक्रम में भारत सरकार की नर्सिंग एडवाइजर दीपिका खाका ने आने वाले वक्त में नर्सेज के स्वरूप को ऑनलाइन माध्यम से प्रस्तुत किया। वहीं एनएनएमसी ड्राफ्ट कमेटी की चेयरमैन डॉक्टर विमला कपूर ने ‘ट्रांसफॉर्मिंग नर्सिंग शॉप थ्रू आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इनोवेशन, सिमुलेशन बेस्ड नर्सिंग एजुकेशन, रोबोटिक नर्सिंग एंड इमरजेंसी नर्सिंग लीडरशिप’ थीम को विस्तार से सामने रखा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव सोनी ने आठवीं वेतन आयोग एवं राष्ट्रीय कर्मचारी समस्याओं को विस्तार से रखा। उन्होंने नर्सिंग शिक्षकों की भूमिका पर भी प्रकाश डाला।

आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉक्टर राहुल शर्मा एवं सचिव पुरुषोत्तम ने बताया कि एकेडमिक सेशन में रिसोर्स पर्सन के रूप में डॉक्टर मंजू चुगानी ने रोबोटिक नर्सिंग, डॉक्टर सुखपाल कौर ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इन सर्जिकल केयर, डॉक्टर जुबेदा रोहमावती ने डॉक्टर वारेन कुलसुरैया, डॉ. आई. क्लेमेंट ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इनेबल्ड नर्सिंग एजुकेशन और डॉक्टर लवसंपूर्ण जोतकोर ने ट्रांसफॉर्मिंग नर्सिंग एजुकेशन थ्रू टेक्नोलॉजी पर विस्तार से प्रकाश डाला।

इन सत्रों का संचालन और मॉडरेशन सेशन चेयर पर्सन डॉक्टर सुरेश शर्मा, घनश्याम जांगिड़, अनेश सैनी, डॉक्टर हरिचंरण रावत, डॉक्टर अशोक ढाका बिश्नोई, डॉक्टर बी.एल. यादव और डॉ. नवनीता क्रिस्ट ने किया तथा संपूर्ण सेशनों को कंक्लूड किया।

कार्यक्रम के स्वागत भाषण में नर्सिंग शिक्षक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. फारुख खान ने सभी डेलिगेट्स का अभिनंदन किया। आयोजन समिति के कोषाध्यक्ष डॉ. विष्णु स्वर्णकार और डॉ. अंकित गर्ग ने सभी डेलिगेट्स को धन्यवाद अर्पित किया। कार्यक्रम का मंच संचालन जानी-मानी एंकर प्रीति सक्सेना ने किया।

ग्लोबल नर्सिंग समिट के दौरान एक्सीलेंट नर्सिंग लीडरशिप अवार्ड, एक्सीलेंट नर्सिंग टीचर्स अवार्ड और एक्सीलेंट क्लीनिकल नर्सेज अवार्ड के रूप में कई नर्सेज को सम्मानित किया गया।

समिट का मुख्य आकर्षण ‘भारत भाग्य विधाता’ मूवी रही, जो 2011 के बम्बई आतंकवादी हमले की घटना पर आधारित है। इसी घटना से जुड़े कामा हॉस्पिटल, मुंबई में कार्यरत सीनियर नर्सिंग ऑफिसर अंजलि विजय कुलथे कार्यक्रम में विशेष आकर्षण रहीं। उनके संबोधन के दौरान संपूर्ण कॉन्फ्रेंस में देशभक्ति का भाव दिखाई दिया और उनकी कहानी सुनकर लोगों की आंखें नम हो गईं।

ग्लोबल नर्सिंग समिट का समापन नर्सिंग के भविष्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक नर्सिंग, सिमुलेशन आधारित शिक्षा और तकनीकी नवाचार को आम नर्सेज तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ।

Next Story