श्रीमाधोपुर/जयपुर: रेलवे बोर्ड की अतिरिक्त सदस्य (योजना) सुश्री गीतिका पांडे ने सोमवार, 11 मई 2026 को समर्पित मालभाड़ा गलियारा निगम (डीएफसीसीआईएल) के न्यू श्रीमाधोपुर स्टेशन एवं मॉक-अप सेंटर का विस्तृत निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस उच्च स्तरीय दौरे के दौरान उन्होंने परिचालन और रखरखाव की बारीकियों को समझते हुए डीएफसीसीआईएल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक भी की।

निरीक्षण के दौरान सीजीएम/जयपुर श्री आर.एस. चौधरी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति में अतिरिक्त सदस्य को डीएफसीसीआईएल के अंतर्गत संचालित वर्तमान गतिविधियों और अपनाई जा रही सर्वोत्तम रखरखाव प्रक्रियाओं (Best Maintenance Practices) की विस्तृत जानकारी प्रदान की। सुश्री पांडे ने परिसंपत्ति प्रबंधन, बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण और प्रभावी रखरखाव प्रणालियों को लागू करने की दिशा में डीएफसीसीआईएल कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे समर्पित प्रयासों का सूक्ष्म अवलोकन किया। कर्मचारियों की कार्यकुशलता और निष्ठा से प्रभावित होकर उन्होंने प्रशंसा के प्रतीक स्वरूप 25,000 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की। रेलवे बोर्ड की शीर्ष अधिकारी द्वारा किया गया यह निरीक्षण और सीधा संवाद समस्त डीएफसीसीआईएल अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए अत्यंत उत्साहवर्धक और भविष्य के लक्ष्यों के प्रति प्रेरणादायी सिद्ध हुआ।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story