जयपुर, 24 मार्च। सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गौतम कुमार दक ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने की संकल्पना को साकार करने में सहकारी क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सहकारी क्षेत्र को प्राथमिकता देते हुए अधिक से अधिक लोगों को इसके माध्यम से लाभान्वित करने के प्रयास कर रही है। श्री दक मंगलवार को कॉंस्टिट्यूशन क्लब में राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (NCDC) द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कार्यक्रम में विभिन्न श्रेणियों में अच्छा प्रदर्शन करने वाली सहकारी समितियों को एनसीडीसी के ‘क्षेत्रीय उत्कृष्टता एवं श्रेष्ठता पुरस्कार-2025’ प्रदान किए।

सहकारिता मंत्रालय के गठन से आया बड़ा परिवर्तन

श्री दक ने कहा कि "माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने सहकारिता के महत्व को पहचाकर वर्ष 2021 में अलग से सहकारिता मंत्रालय का गठन कर श्री अमित शाह को इसकी जिम्मेदारी सौंपी। सहकारिता मंत्रालय बनने के बाद विगत चार वर्षों में देश में सहकारी क्षेत्र में बड़ा परिवर्तन आया है।" उन्होंने कहा कि सहकारी आन्दोलन आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी अपनाने के संकल्प की ओर देश को ले जाने में भी प्रमुख भूमिका निभा रहा है। सहकारिता मंत्री ने कहा कि पुरस्कृत होने वाली समितियों से अन्य समितियां भी प्रेरणा लेकर उत्कृष्टता की ओर आगे बढ़ें। सरकार का ध्येय है कि सहकारिता का मूल भाव आमजन तक पहुंचे और सहकारी आन्दोलन से उनके जीवन में परिवर्तन आए। वर्तमान में सहकारिता का लाभ नीचे तक पहुंचाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि "सहकारी समितियों में कार्य करने का नये लोगों को भी समुचित अवसर मिलना चाहिए, जिससे उनकी ऊर्जा और प्रतिभा का पूरा लाभ सहकारी क्षेत्र को मिल सके।"

राजस्थान में सहकार सदस्यता अभियान और नवाचार

श्री दक ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा सहकारी क्षेत्र को प्राथमिकता में रखकर कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री की मंशा पर विगत अक्टूबर माह में सहकार सदस्यता अभियान आयोजित किया गया, जिसमें सहकारी समितियों के लगभग 9 लाख नये सदस्य बनाये गए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में सहकारी क्षेत्र में 120 से अधिक पहलें क्रियान्वित की जा रही हैं, इन पहलों को अपनाकर सहकारी समितियां सशक्त बन रही हैं। उन्होंने सहकारी समितियों द्वारा क्षेत्रीय उत्पादों का विपणन एवं निर्यात करने की आवश्यकता पर जोर दिया। सहकारिता मंत्री ने सहकारी समितियों की ऑडिट एवं आमसभा समय पर करवाये जाने एवं आमसभा में सभी के सुझाव लिए जाने पर भी बल दिया।

पारदर्शिता और किसानों के जीवन स्तर में सुधार

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए किशनगढ़ क्रय-विक्रय सहकारी समिति के अध्यक्ष श्री चेतन चौधरी ने कहा कि "केन्द्र में श्री अमित शाह एवं राज्य में श्री गौतम कुमार दक के निर्देशन में सहकारी क्षेत्र में बेहतरीन कार्य हो रहा है। विगत वर्षों में सहकारी समितियों में पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है तथा कृषि जिंसों की समर्थन मूल्य में वृद्धि से किसानों का जीवन स्तर सुधर रहा है।" एनसीडीसी के क्षेत्रीय निदेशक श्री सुनील कुमार छापोला ने बताया कि संस्था द्वारा विभिन्न श्रेणियों में अच्छा कार्य करने वाली समितियों को प्रत्येक दो वर्ष में राज्य स्तर पर उत्कृष्टता एवं श्रेष्ठता पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं।

पुरस्कार स्वरूप प्रदान की गई राशि और सम्मान

उत् उत्कृष्टता पुरस्कार के अंतर्गत ट्रॉफी, प्रमाण पत्र एवं 35 हजार रुपये की राशि एवं श्रेष्ठता पुरस्कार के अंतर्गत ट्रॉफी, प्रमाण पत्र व 25 हजार रुपये की राशि प्रदान की जाती है। प्रारम्भ में सहकारिता मंत्री ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत रूप से शुभारम्भ किया। कार्यक्रम में सहकारिता विभाग व एनसीडीसी के अधिकारियों सहित सहकारी समितियों के पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story