गांधीनगर जयपुर रेलवे स्टेशन: त्योहारों की भीड़ के लिए स्पेशल प्लान
उत्तर पश्चिम रेलवे ने त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुगम आवाजाही और सुरक्षा के लिए होल्डिंग एरिया और रोलिंग मैनेजमेंट प्लान तैयार किया है।

गांधीनगर जयपुर रेलवे स्टेशन पर क्राउड मैनेजमेंट और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते जीएम पंकज शर्मा।
त्योहारों के दौरान गांधीनगर जयपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए रेलवे ने विशेष क्राउड मैनेजमेंट प्लान तैयार किया है। इसके तहत स्टेशन परिसर में होल्डिंग एरिया विकसित किया जा रहा है, जहां यात्रियों को चरणबद्ध तरीके से प्लेटफॉर्म पर प्रवेश दिया जाएगा। उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा ने मंगलवार को स्टेशन का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यात्री सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
महाप्रबंधक ने स्टेशन पर लागू किए जा रहे रोलिंग क्राउड मैनेजमेंट प्लान की समीक्षा की। इस व्यवस्था के माध्यम से यात्रियों की भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित किया जाएगा, जिससे स्टेशन पर आवागमन सुचारु बना रहे और यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े। आगामी त्योहारों के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए स्टेशन परिसर में होल्डिंग एरिया तैयार किया जा रहा है। यहां यात्रियों को नियंत्रित और चरणबद्ध तरीके से प्लेटफॉर्म पर प्रवेश दिया जाएगा।
गांधीनगर जयपुर रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्य भी अंतिम चरण में हैं। श्री पंकज शर्मा ने इन कार्यों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने यात्रियों के सुगम आवागमन, उपलब्ध स्थान के उपयुक्त उपयोग, सुव्यवस्थित पार्किंग, प्रवेश एवं निकास मार्गों, सीसीटीवी मॉनिटरिंग और साइनेज की व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने त्योहारों में संभावित यात्री दबाव को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर कार्यरत सभी संबंधित कर्मचारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कर्मचारियों को सतर्क रहने, यात्रियों की आवाजाही व्यवस्थित बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए अलर्ट मोड पर रहने को कहा।
इस निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा के साथ मंडल रेल प्रबंधक, जयपुर श्री रवि जैन, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) श्री विवेक सक्सेना, प्रमुख मुख्य सुरक्षा आयुक्त श्री ज्योति कुमार सतीजा तथा प्रमुख मुख्य इंजीनियर श्री जे. एस. लाकरा सहित उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय एवं जयपुर मंडल के कई अधिकारी मौजूद रहे।
त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती आवाजाही के बीच होल्डिंग एरिया, रोलिंग क्राउड मैनेजमेंट प्लान, सीसीटीवी निगरानी और बेहतर प्रवेश-निकास व्यवस्था के जरिए गांधीनगर जयपुर स्टेशन पर भीड़ नियंत्रण एवं यात्री सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।

