फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल का 100वां संस्करण राजस्थान के 41 जिलों में
नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान के साथ जुड़कर रैलियों, शपथ और सिग्नेचर वॉल के जरिए युवाओं को फिट व नशामुक्त जीवनशैली के लिए प्रेरित किया जाएगा।

जयपुर में 100वें फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल अभियान पर संयुक्त प्रेस वार्ता में अधिकारी जानकारी देते हुए।
राजस्थान में रविवार, 29 नवंबर को फिटनेस और नशामुक्ति का संदेश एक साथ गूंजेगा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत (MY Bharat), राजस्थान और भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के संयुक्त प्रयासों से ‘फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल’ के ऐतिहासिक 100वें संस्करण का आयोजन किया जाएगा। इस राष्ट्रव्यापी आयोजन के माध्यम से युवाओं को शारीरिक रूप से फिट रहने के साथ नशामुक्त एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इस बार साइकिल अभियान को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के 11वें सप्ताह के साथ जोड़ा गया है। इसके तहत देशभर में एक साथ साइकिल रैलियां आयोजित कर युवाओं को फिटनेस और नशामुक्ति के प्रति जागरूक किया जाएगा।
आयोजन की तैयारियों और कार्यक्रम की रूपरेखा को लेकर शनिवार को यूथ हॉस्टल, जयपुर में संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें मेरा युवा भारत, राजस्थान के राज्य निदेशक देवेंद्र व्यास एवं भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) की सहायक निदेशक साहिला सैमसन ने प्रदेशभर में होने वाले आयोजनों की विस्तृत जानकारी दी।
प्रेस वार्ता में बताया गया कि देशभर के 700 चिन्हित स्थानों पर आयोजित होने वाले इस अभियान के तहत राजस्थान के 41 जिलों में साइकिल रैलियां निकाली जाएंगी। इनका नेतृत्व MY Bharat के जिला युवा अधिकारी एवं युवा मंडल करेंगे। इसके अतिरिक्त भारतीय खेल प्राधिकरण की ओर से चिन्हित प्रमुख केंद्रों पर भी विशेष आयोजन होंगे, जिनमें MY Bharat के स्वयंसेवक सक्रिय सहयोग करेंगे।
प्रत्येक आयोजन स्थल पर कम से कम 200 युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। इनमें MY Bharat स्वयंसेवक, राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक (NYVs), युवा क्लब, खेलो इंडिया केंद्र (KICs) और विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी शामिल होंगे।
कार्यक्रम के दौरान साइकिल रैलियों के साथ नशामुक्ति का संदेश भी प्रमुखता से दिया जाएगा। ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ की थीम के तहत प्रदेश के 37 जिलों के आयोजन स्थलों पर प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई जाएगी। इसके साथ ही प्रत्येक आयोजन स्थल पर विशेष ‘सिग्नेचर वॉल’ स्थापित की जाएगी। इस पर युवा, खिलाड़ी एवं जनप्रतिनिधि हस्ताक्षर कर नशामुक्त भारत के निर्माण के प्रति अपना संकल्प व्यक्त करेंगे।
अभियान में शामिल होने के इच्छुक युवाओं और नागरिकों के लिए ऑनलाइन निःशुल्क पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके लिए आधिकारिक पोर्टल https://fitindia.gov.in/100-sundayoncycle तथा MY Bharat पोर्टल के माइक्रो-इवेंट्स के माध्यम से पंजीकरण कराया जा सकता है। सोशल मीडिया पर युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए #IndiaReady4Olympics और #NashaMuktYuva हैशटैग के साथ विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है।
मेरा युवा भारत एवं भारतीय खेल प्राधिकरण ने राजस्थान के सभी युवाओं, खिलाड़ियों, जनप्रतिनिधियों, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और आम नागरिकों से रविवार, 29 नवंबर को सुबह अपने नजदीकी आयोजन स्थल पर पहुंचने की अपील की है। दोनों संस्थाओं ने लोगों से फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल के ऐतिहासिक 100वें संस्करण में भाग लेकर स्वस्थ, फिट एवं नशामुक्त राजस्थान के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया है।
संयुक्त प्रेस वार्ता के दौरान उपनिदेशक सूचना एवं जनसंपर्क हेमंत सिंह एवं माय भारत के सहायक निदेशक शरद त्रिपाठी सहित अन्य उपस्थित रहे।

