देश के पहले पंचगव्य चिकित्सा पाठ्यक्रम का मोकलावास में शुभारंभ
कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने जोधपुर के गौ संवर्द्धन आश्रम में आयुर्वेद विश्वविद्यालय द्वारा मान्यता प्राप्त देश के पहले पंचगव्य पाठ्यक्रम की शुरुआत की।

जोधपुर के मोकलावास स्थित गौ संवर्द्धन आश्रम में पंचगव्य चिकित्सा पाठ्यक्रम के उद्घाटन समारोह के दौरान उपस्थित कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत और अन्य गणमान्य अतिथि।
जिले के मोकलावास स्थित गौ संवर्द्धन आश्रम में सोमवार को देश के प्रथम पंचगव्य चिकित्सा पाठ्यक्रम की कक्षाओं का विधिवत शुभारंभ कर एक ऐतिहासिक पहल की शुरुआत की गई। पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए कहा कि पंचगव्य चिकित्सा भारतीय परंपरा और आयुर्वेद का महत्वपूर्ण अंग है, जो स्वास्थ्य क्षेत्र में नई संभावनाओं को जन्म देगा।
मंत्री श्री कुमावत ने इस पहल को ग्रामीण विकास, स्वदेशी चिकित्सा पद्धति के प्रसार और युवाओं के लिए रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह पाठ्यक्रम डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय, जोधपुर एवं लक्ष्य पर्यावरण एवं जन कल्याण संस्था, जो विश्वविद्यालय द्वारा मान्यता प्राप्त रिकॉग्नाइज्ड सेंटर है, के संयुक्त तत्वावधान में संचालित किया जा रहा है।
पाठ्यक्रम के अंतर्गत पंचगव्य के सिद्धांत, औषधि निर्माण, विभिन्न रोगों के उपचार, पंचकर्म पद्धतियाँ, मानव स्वास्थ्य एवं जीवनशैली से संबंधित पहलुओं के साथ-साथ गौ-स्वास्थ्य, गौशाला प्रबंधन तथा गो-उत्पाद आधारित स्वरोजगार का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि यह पहल पारंपरिक चिकित्सा पद्धति को सशक्त करने के साथ शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगी।
कार्यक्रम के दौरान आसपास के ग्रामीण अंचलों की प्रतिभाओं को भी मंत्री श्री कुमावत ने सम्मानित किया। संस्था के सचिव श्री राकेश निहाल ने मंत्री को गौ संवर्धन आश्रम का अवलोकन कराया तथा आश्रम में संचालित विभिन्न प्रकल्पों की जानकारी दी। मंत्री ने तीन पीढ़ियों वाली गायों एवं नंदी को देखकर संतोष व्यक्त किया और गौवंश हेतु विशेष रूप से तैयार ग्वार लापसी गायों को खिलाई।
इस अवसर पर पाली के पूर्व सांसद श्री पुष्प जैन, लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष श्री घनश्याम ओझा, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री महावीर चोपड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री राजेंद्र पालीवाल, जिला उपाध्यक्ष पवन आसोपा व मनीष पुरोहित, जिलामंत्री राकेश बगरेचा व पवन वैष्णव, श्रीयादे माता पावन धाम झालामंड, जोधपुर के अध्यक्ष धर्माराम प्रजापत, गौ संवर्धन आश्रम के अध्यक्ष नंदलाल भाटी, जोधपुर गौशाला संघ के जिलाध्यक्ष हरिनारायण सोनी तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विशिष्ट पदाधिकारियों सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। साथ ही डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय के कुलपति वैद्य श्री गोविंद शुक्ला भी विशेष रूप से कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम के अंत में गौ संवर्धन आश्रम के अध्यक्ष श्री नंदलाल भाटी ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। यह पहल पंचगव्य आधारित चिकित्सा पद्धति के संस्थागत विकास के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था, स्वदेशी ज्ञान और स्वास्थ्य क्षेत्र को नई दिशा देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
