इवेंटस्थान 2026: फोरम कन्वेंशन में इवेंट प्रोफेशनल्स सम्मानित, महक चहल रहीं मौजूद
जयपुर में आयोजित दो दिवसीय कन्वेंशन में वेडिंग ट्रेंड्स और टेक्नोलॉजी पर चर्चा हुई, जिसमें देशभर के 400 से अधिक इवेंट मैनेजर्स शामिल हुए।

तस्वीर में मंच पर अभिनेत्री महक चहल अन्य लोगों के साथ एक व्यक्ति को ट्रॉफी सौंपती हुई।
जयपुर, 1 सितम्बर। फेडरेशन ऑफ राजस्थान इवेंट मैनेजर्स (फोरम) के 13वें वार्षिक कन्वेंशन ‘इवेंटस्थान 2026’ के समापन अवसर पर आयोजित अवॉर्ड सेरेमनी में इवेंट एवं वेडिंग इंडस्ट्री में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रोफेशनल्स और संस्थाओं को सम्मानित किया गया। अभिनेत्री महक चहल ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले इवेंट प्रोफेशनल्स को अवॉर्ड प्रदान किए। दो दिवसीय कन्वेंशन में देशभर से आए 400 से अधिक इवेंट मैनेजर्स और इंडस्ट्री प्रोफेशनल्स ने हिस्सा लिया।
फोरम प्रेसिडेंट हितेंद्र शर्मा ने कहा कि किसी भी बड़े आयोजन की सफलता के पीछे पर्दे के पीछे काम करने वाले सैकड़ों प्रोफेशनल्स की मेहनत, क्रिएटिविटी और टीमवर्क होता है। उन्होंने कहा कि ‘इवेंटस्थान’ के माध्यम से ऐसे प्रतिभाशाली लोगों को पहचान और सम्मान देना फोरम का प्रमुख उद्देश्य है। अवॉर्ड प्रोफेशनल्स को बेहतर काम करने और नए प्रयोगों के लिए प्रेरित करने का माध्यम हैं।
फोरम सेक्रेटरी भुवनेश अग्रवाल ने बताया कि अवॉर्ड सेरेमनी में इवेंट मैनेजमेंट, वेडिंग्स, एंटरटेनमेंट, क्रिएटिविटी, टेक्नोलॉजी, प्रोडक्शन और हॉस्पिटैलिटी सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया। समारोह में फोरम के पूर्व अध्यक्ष महावीर प्रताप शर्मा, हरप्रीत बग्गा, मोहित माहेश्वरी, इवेंट गुरु अरशद हुसैन और ईमा प्रेजिडेंट दीपक चौधरी सहित कई प्रमुख इंडस्ट्री प्रोफेशनल्स मौजूद रहे।
अवॉर्ड नाइट में सम्मान के साथ संगीत और मनोरंजन की प्रस्तुतियों ने भी माहौल को जीवंत बनाए रखा। ‘इवेंटस्थान 2026’ के दौरान वेडिंग ट्रेंड्स, सस्टेनेबिलिटी, तकनीक, आईपी, सरकारी टेंडरिंग और राजस्थान को प्रमुख वेडिंग एवं इवेंट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
अवॉर्ड सेरेमनी ने इवेंट एवं वेडिंग इंडस्ट्री की उपलब्धियों को मंच दिया और क्रिएटिविटी, टेक्नोलॉजी तथा नए आइडियाज के क्षेत्र में काम कर रहे प्रोफेशनल्स के योगदान को पहचान दिलाई। समारोह के जरिए इंडस्ट्री से जुड़े प्रोफेशनल्स को भविष्य में नए विचारों और बेहतर कार्य के लिए प्रेरित किया गया।

