भारत सरकार की “आपातकालीन क्रेडिट लाइन गारंटी योजना (ईसीएलजीएस 5.0)” को लेकर बुधवार को बैंक ऑफ़ बड़ौदा के संयोजन में कार्यरत राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (एसएलबीसी) ने राजस्थान में राज्य स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास रहे, जिन्होंने योजना को वैश्विक चुनौतियों के दौर में भारतीय अर्थव्यवस्था और विशेष रूप से एमएसएमई क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री वी. श्रीनिवास, संयोजक राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति, राजस्थान एवं महाप्रबंधक, बैंक ऑफ़ बड़ौदा सुश्री परिमिता मिश्रा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी–RITI श्री सत्येन्द्र कुमार, राजस्थान सरकार, श्री राव क्षितिजराज सिंह, उप महाप्रबंधक, FIDD–भारतीय रिज़र्व बैंक, निदेशक MSME–DFO श्री प्रदीप ओझा, अध्यक्ष–लघु उद्योग भारती श्री महेन्द्र मिश्रा तथा सहायक महाप्रबंधक–NCGTC सुश्री मेधा गुरव ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया।

मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने ईसीएलजीएस 5.0 की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत सरकार द्वारा शुरू की गई यह योजना अर्थव्यवस्था की सुदृढ़ता के लिए एक अच्छी पहल है, विशेषकर तब जब पूरी दुनिया भू-राजनीतिक संकट की चुनौतियों से जूझ रही हो। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया क्षेत्र में उभरे तनाव के दौर में भी भारतीय अर्थव्यवस्था अपनी मजबूत स्थिति में है। भारत सरकार तथा भारतीय रिज़र्व बैंक की सकारात्मक पहलों के कारण भारतीय अर्थव्यवस्था पर बाहरी संकटों का प्रतिकूल प्रभाव दिखाई नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि यह योजना एमएसएमई क्षेत्रों के लिए अत्यंत उपयोगी है और सरकार तथा भारतीय रिज़र्व बैंक भारतीय अर्थव्यवस्था को बाहरी संकटों से सुरक्षित रखने के लिए हर संभव पहल कर रहे हैं। उन्होंने राज्य में बैंकों तथा विशेष रूप से राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की सक्रियता, नेतृत्व और प्रयासों की भी सराहना की।

उन्होंने कहा कि ईसीएलजीएस 5.0 योजना का उद्देश्य वैश्विक व्यवधानों, विशेषकर हालिया पश्चिम एशिया संकट के कारण उत्पन्न लिक्विडिटी चुनौतियों का सामना कर रहे उद्यमों को समय पर सहयोग प्रदान करना है। योजना का लक्ष्य संचालन की निरंतरता सुनिश्चित करना, रोजगार को सुरक्षित करना तथा आपूर्ति श्रृंखलाओं को सुदृढ़ करना है। उन्होंने कहा कि बैंकों को अपने प्रयास और मजबूत करने होंगे तथा उद्यमियों को इस अवसर का लाभ उठाने के लिए आगे आना होगा।

कार्यक्रम में संयोजक, राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति, राजस्थान एवं महाप्रबंधक, बैंक ऑफ़ बड़ौदा सुश्री परिमिता मिश्रा ने भी आपातकालीन क्रेडिट लाइन गारंटी योजना की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए इसे एमएसएमई क्षेत्र और भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए अत्यंत लाभकारी बताया। उन्होंने कहा कि ईसीएलजीएस 5.0 केवल एक वित्तीय योजना नहीं, बल्कि आर्थिक पुनरुत्थान का मिशन है। उन्होंने कहा कि बैंकरों की जिम्मेदारी है कि वे इस मिशन को वास्तविकता में बदलें और सामूहिक तथा दक्ष प्रयासों से यह सुनिश्चित करें कि योजना का लाभ प्रत्येक पात्र उद्यमी तक पहुंचे तथा भारत और अधिक मजबूत बने।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी, RITI श्री सत्येन्द्र कुमार ने कहा कि सभी संस्थानों को बैंकों के साथ मिलकर इस योजना को सफल बनाने के लिए गहन प्रयास करने होंगे। कार्यक्रम में एमएसएमई क्षेत्र के उद्यमियों की सफलता की कहानी भी प्रस्तुत की गई। साथ ही पात्र लाभार्थियों को मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अधिकारियों ने योजना के तहत आर्थिक सहायता के रूप में चेक प्रदान किए। इस अवसर पर NCGTC एवं PSB Alliance टीम ने योजना संबंधी प्रस्तुति दी तथा उपस्थित ग्राहकों के प्रश्नों के उत्तर भी दिए।

कार्यक्रम में भारत सरकार के वित्तीय सेवाएं विभाग की उप सचिव सुश्री गरिमा कपूर ने ऑनलाइन माध्यम से प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए विभाग की अपेक्षाओं से अवगत कराया। भारतीय रिज़र्व बैंक के उप महाप्रबंधक श्री राव क्षितिजराज सिंह ने सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित कर कार्यक्रम का समापन किया। इस अवसर पर राज्य के सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों, निजी क्षेत्र के बैंकों, ऋणदाता संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में उद्यमी एवं लाभार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति के प्रमुख एवं उप महाप्रबंधक श्री राज कुमार मीना भी मौजूद रहे। कार्यक्रम ने ईसीएलजीएस 5.0 के प्रति जागरूकता बढ़ाने और पात्र उद्यमियों तक योजना का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण संदेश दिया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story