हावड़ा स्टेशन से पूर्व रेलवे का बड़ा स्वच्छता अभियान शुरू, गंदगी-थूकने वालों पर CCTV निगरानी और तत्काल जुर्माना
पूर्व रेलवे ने हावड़ा स्टेशन से “ईस्टर्न रेलवे इज़ वॉचिंग यू” अभियान शुरू किया। गंदगी फैलाने और थूकने वालों पर CCTV निगरानी, तत्काल जुर्माना और यात्रियों को “कैप्टन क्लीन” बनने का अवसर।

पूर्व रेलवे ने रेलवे परिसरों में स्वच्छता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अपने व्यापक स्वच्छता जागरूकता अभियान के दूसरे चरण “ईस्टर्न रेलवे इज़ वॉचिंग यू” का शनिवार को हावड़ा रेलवे स्टेशन पर आयोजित एक भव्य समारोह में औपचारिक शुभारंभ किया। इस वर्ष अप्रैल में शुरू किए गए अभियान का यह नया चरण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक श्री मिलिंद देऊस्कर के नेतृत्व में शुरू किया गया है, जिसमें रेलवे परिसरों में गंदगी फैलाने और थूकने के विरुद्ध शून्य सहिष्णुता नीति अपनाई गई है।
अभियान का मुख्य संदेश है कि रेलवे परिसर की स्वच्छता बनाए रखने के लिए पूर्व रेलवे हर समय सतर्क है और पूरे परिसर की निरंतर निगरानी की जा रही है। क्लोज़्ड सर्किट टेलीविज़न (सीसीटीवी) कैमरों के व्यापक नेटवर्क और रेलवे कर्मचारियों की सक्रिय निगरानी के माध्यम से यात्रियों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। यदि कोई व्यक्ति रेलवे परिसर में गंदगी फैलाते या थूकते हुए पाया जाता है तो उस पर तत्काल मौके पर ही जुर्माना लगाया जाएगा।
जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए पूर्व रेलवे ने एक नई पहल भी शुरू की है। यदि कोई रेल यात्री किसी व्यक्ति को गंदगी फैलाते या थूकते हुए देखता है तो वह उसकी तस्वीर स्थान के विवरण सहित व्हाट्सऐप नंबर 9002022780 पर भेज सकता है। प्राप्त सूचना के आधार पर पूर्व रेलवे संबंधित व्यक्ति की पहचान कर उस पर मौके पर ही जुर्माना लगाएगा। साथ ही सूचना देने वाले यात्री को “कैप्टन क्लीन” की उपाधि प्रदान करते हुए पूर्व रेलवे की ओर से प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक से हुई, जिसके माध्यम से स्वच्छता का संदेश लोगों तक पहुँचाया गया। इसके बाद महाप्रबंधक श्री मिलिंद देऊस्कर ने स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया और यात्रियों से सीधे संवाद कर उन्हें अभियान की जानकारी दी तथा स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने का आह्वान किया। इसके पश्चात उन्होंने अभियान के शुभारंभ के प्रतीक स्वरूप प्रमाण-पत्र पर हस्ताक्षर कर उसका अनावरण किया।
इस अवसर पर महाप्रबंधक श्री मिलिंद देऊस्कर, हावड़ा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री विशाल कपूर, पूर्व रेलवे के उप महाप्रबंधक (सामान्य), मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री शिबराम माझि, मुख्यालय के प्रधान विभागाध्यक्ष (पीएचओडी) तथा विभिन्न मंडलों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान स्वच्छता अभियान के दूसरे चरण के अंतर्गत आयोजित “30 मिनट चैलेंज” में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मंडलों को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में सियालदह मंडल को विजेता तथा हावड़ा मंडल को उपविजेता ट्रॉफी महाप्रबंधक श्री मिलिंद देऊस्कर के कर-कमलों से प्रदान की गई।
अपने संबोधन में महाप्रबंधक श्री मिलिंद देऊस्कर ने कहा कि पूर्व रेलवे स्वच्छ और बेहतर स्टेशन वातावरण के माध्यम से यात्रियों के यात्रा अनुभव को और उत्कृष्ट बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि डिजिटल रिपोर्टिंग प्रणाली के जरिए यात्रियों को स्वच्छता अभियान का सक्रिय भागीदार बनाया जा रहा है तथा सभी मंडलों में जवाबदेही की संस्कृति विकसित की जा रही है, ताकि स्वच्छता केवल एक विकल्प नहीं बल्कि दैनिक आदत बन सके।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री शिबराम माझि ने कहा कि यह अभियान केवल नियमों के पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि पूर्व रेलवे हमेशा जन-जागरूकता के क्षेत्र में अग्रणी रहा है और सभी यात्रियों से अपील की कि वे “कैप्टन क्लीन” बनकर इस अभियान से जुड़ें तथा रेलवे परिसरों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में अपना सक्रिय योगदान दें।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
