दूदू में 10 अगस्त को होगा आरयूआईडीपी संवाद, 2.78 करोड़ के विकास कार्य होंगे प्रस्तावित
दूदू में 10 अगस्त को आरयूआईडीपी संवाद होगा। 2.78 करोड़ रुपये के प्रस्तावित कार्यों में अपशिष्ट प्रबंधन, बाढ़ नियंत्रण और पर्यटन विकास शामिल हैं।

राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) के पांचवें चरण के तहत दूदू शहर में प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर 10 अगस्त, 2026 को ‘आरयूआईडीपी संवाद’ कंसल्टेशन मीटिंग आयोजित की जाएगी। बैठक दोपहर 3:00 बजे बैठक कक्ष, पंचायत समिति दूदू के सभागार भवन में होगी। इसमें जनप्रतिनिधियों, पूर्व पार्षदों, प्रबुद्धजनों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, मीडिया एवं अन्य स्टेकहोल्डर्स की भागीदारी रहेगी।
बैठक में आरयूआईडीपी के पांचवें चरण के तहत दूदू शहर में किए जाने वाले प्रस्तावित कार्यों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही प्रतिभागियों से विकास कार्यों को लेकर सुझाव एवं फीडबैक प्राप्त किया जाएगा।
आरयूआईडीपी के पांचवें चरण का प्रमुख उद्देश्य अत्यधिक शहरीकृत शहरों एवं उनके सैटेलाइट क्षेत्रों का विकास कर उन्हें व्यवस्थित एवं रहने योग्य बनाना है। इसके तहत प्रमुख शहरों में आधारभूत सुविधाओं की कमी दूर करने, सेवा गुणवत्ता में सुधार और पर्यावरणीय निरंतरता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है।
इस चरण में अपशिष्ट जल प्रबंधन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, बाढ़ नियंत्रण के लिए ड्रेनेज कार्य, कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की स्थापना, विरासत संरक्षण एवं पर्यटन विकास जैसे कार्य शामिल किए गए हैं। राज्य के 84 शहरों में इस चरण के तहत विकास कार्य किए जाएंगे।
लगभग 9500 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित इन कार्यों का उद्देश्य शहरों को स्मार्ट एवं सतत बनाना है। साथ ही ये कार्य राज्य सरकार के विकसित राजस्थान 2047 के लक्ष्य की प्राप्ति में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
दूदू शहर में आरयूआईडीपी के पांचवें चरण के अंतर्गत लगभग 2.78 करोड़ रुपये की लागत से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, बाढ़ नियंत्रण, कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, विरासत संरक्षण एवं पर्यटन विकास से संबंधित कार्य किए जाएंगे। इन प्रस्तावित कार्यों से शहरवासियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में विकास को गति मिलने की उम्मीद है। 10 अगस्त को होने वाला आरयूआईडीपी संवाद कार्यक्रम इन कार्यों को लेकर जनप्रतिनिधियों और अन्य स्टेकहोल्डर्स के सुझाव एवं फीडबैक प्राप्त करने का महत्वपूर्ण माध्यम होगा।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
