ग्रामीण सेवा शिविर में 31 साल पुरानी परेशानी खत्म, सुवालाल को मिला पक्के मकान का पट्टा
जयपुर के ग्रामीण सेवा शिविर में वर्ष 1995 से लंबित समस्या का समाधान हुआ। सुवालाल को पक्के मकान का पट्टा मिलने से परिवार को वैधानिक स्वामित्व और राहत मिली।

मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में आमजन को जनकल्याणकारी योजनाओं का त्वरित लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर जरूरतमंद परिवारों के लिए राहत का माध्यम बन रहे हैं। इसी क्रम में पंचायत समिति दूदू के अटल सेवा केंद्र, पड़ासोली में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में ग्राम नयागांव, ग्राम पंचायत पड़ासोली निवासी सुवालाल पुत्र श्री रामरतन जाट की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हुआ।
लाभार्थी सुवालाल ने बताया कि वर्ष 1995 से ग्राम पंचायत पुनर्गठन और पारिवारिक बंटवारे के कारण उसके कच्चे मकान का पट्टा नहीं बन पा रहा था। इसके चलते उसे लंबे समय तक लगातार परेशानी का सामना करना पड़ा और अपने मकान का वैधानिक स्वामित्व भी प्राप्त नहीं हो सका।
उन्होंने बताया कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह लंबे समय तक कच्चे मकान में रहने को मजबूर था। बारिश के दौरान मकान में पानी टपकता था, जिससे परिवार को रहने, भोजन बनाने और दैनिक जीवन की सामान्य गतिविधियों में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। जिला प्रशासन के सहयोग से उसका नाम प्रधानमंत्री आवास योजना की पात्रता सूची में शामिल किया गया, जिसके बाद उसे योजना के तहत पक्का आवास प्राप्त हुआ।
ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान पंचायतीराज विभाग ने स्वामित्व योजना के अंतर्गत सुवालाल को उसके पक्के मकान का पट्टा भी प्रदान किया। पट्टा मिलने के बाद अब उसे अपने मकान का वैधानिक स्वामित्व प्राप्त हो गया है और उसका परिवार सुरक्षित तथा सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत कर रहा है।
लाभार्थी सुवालाल ने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा, राज्य सरकार, जिला प्रशासन और ग्रामीण सेवा शिविर से जुड़े अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन शिविरों के माध्यम से आमजन की वर्षों पुरानी समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ सरलता से मिल रहा है। यह प्रकरण ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और लंबे समय से लंबित मामलों के समाधान का उदाहरण बनकर सामने आया है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
