द्रव्यवती नदी विकास परियोजना: जयपुर में सांसदों और विधायक की समीक्षा बैठक
जयपुर में सांसदों और विधायक की मौजूदगी में हुई उच्च स्तरीय बैठक, नदी को अतिक्रमण मुक्त रखने और हर महीने प्रगति की समीक्षा करने का लिया गया निर्णय।

जयपुर, 31 मई। गुलाबी नगरी की जीवनरेखा द्रव्यवती नदी के सतत विकास, संरक्षण, स्वच्छता और सौंदर्यकरण को लेकर प्रशासनिक और राजनैतिक स्तर पर एक निर्णायक पहल शुरू हो चुकी है। गत 18 मई 2026 को आयोजित 'दिशा' बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों की अनुपालना में 29 मई 2026 को द्रव्यवती नदी के समग्र विकास को लेकर एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक में जयपुर की माननीय सांसद श्रीमती मन्जू शर्मा, जयपुर ग्रामीण के माननीय सांसद श्री राव राजेन्द्र सिंह, सिविल लाइन्स के माननीय विधायक श्री गोपाल शर्मा, जयपुर के जिला कलक्टर संदेश नायक तथा जिला परिषद जयपुर के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी सहित जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) एवं नगर निगम जयपुर के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मुस्तैद रहे।
बैठक के दौरान जयपुर विकास प्राधिकरण और नगर निगम जयपुर द्वारा द्रव्यवती नदी के कायाकल्प, रखरखाव, स्वच्छता, सौंदर्यकरण एवं जनसुविधाओं के विस्तार को लेकर तैयार की गई विस्तृत कार्ययोजना का पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) दिया गया। इस प्रस्तुतीकरण के माध्यम से नदी के विकास के लिए धरातल पर किए जा रहे विभिन्न कार्यों, आगामी प्रस्तावित परियोजनाओं तथा भविष्य के रोडमैप की बारीकियों को वरिष्ठ नेतृत्व के सामने साझा किया गया।
माननीय सांसद द्वय एवं विधायक महोदय ने द्रव्यवती नदी को स्वच्छ, सुन्दर तथा पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और विकास कार्यों की गति बढ़ाने के लिए कई दूरगामी सुझाव दिए। जनप्रतिनिधियों ने नदी के सतत विकास और इसकी प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के लिए प्रति माह एक नियमित समीक्षा बैठक आयोजित करने का ठोस प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया। इस निर्णय के तहत अगली उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) मुख्यालय में आयोजित की जाएगी।
इस महामंथन में विभागों के आपसी समन्वय पर विशेष जोर दिया गया। आधिकारिक निर्णय के अनुसार, द्रव्यवती नदी के जल की गुणवत्ता, पर्यावरणीय संरक्षण तथा समग्र विकास से जुड़े तकनीकी विषयों पर आगामी बैठक में राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल (RSPCB) एवं रीको (RIICO) के अधिकारियों द्वारा भी एक विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया जाएगा, ताकि औद्योगिक व पर्यावरणीय पहलुओं को सुधारा जा सके।
जिला कलक्टर संदेश नायक ने बैठक में प्राप्त सभी जनोपयोगी सुझावों और प्रस्तावों का स्वागत करते हुए मौके पर ही मौजूद सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि द्रव्यवती नदी के संरक्षण, स्वच्छता और सौंदर्यकरण के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखा जाए। कलक्टर ने विश्वास जताया कि इन नियमित उच्च स्तरीय समीक्षा बैठकों के माध्यम से द्रव्यवती नदी को एक आदर्श शहरी नदी के रूप में विकसित करने के संकल्प को निरंतर और तीव्र गति प्रदान की जाएगी।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
