जयपुर, 27 मार्च। भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी डॉ. समित शर्मा ने शुक्रवार को शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार, सहकारिता विभाग का पदभार ग्रहण किया। उन्होंने पदभार ग्रहण करने के पश्चात् नेहरू सहकार भवन में वरिष्ठ अधिकारियों से विभागीय योजनाओं, उपलब्धियों तथा आगामी कार्ययोजना के संबंध में चर्चा की। साथ ही, विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण कर उपस्थिति रजिस्टर की जांच भी की। इस दौरान प्रातः 10 बजे 36 अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित मिले, जिनमें 19 अधिकारी तथा 17 कर्मचारी शामिल हैं।

विभागीय योजनाओं की समीक्षा एवं 'सहकार से समृद्धि' का लक्ष्य

नव पदस्थापित शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार डॉ. समित शर्मा ने कहा कि सहकारिता विभाग प्रदेश के गांव-गांव तक नेटवर्क विस्तार वाला महत्वपूर्ण विभाग है। कृषकों एवं ग्रामीणों से इस विभाग का सीधा सम्बन्ध है। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों के साथ मिलकर योजनाओं की बेहतर क्रियान्विति सुनिश्चित की जाएगी तथा योजनाओं से अधिकाधिक कृषकों एवं पात्र लोगों को लाभान्वित कर "सहकार से समृद्धि की संकल्पना को साकार करने का प्रयास किया जाएगा।"

पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यप्रणाली हेतु कड़े निर्देश

डॉ. शर्मा ने अधिकारियों को पारदर्शिता, जवाबदेही एवं जनहित को प्राथमिकता में रखते हुए कार्य करने तथा पेंडेंसी शून्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि "सभी अधिकारी समय पर कार्यालय आएं तथा पूरे समय कार्यालय में उपस्थित रहें।" उन्होंने आगामी दिनों में किए जाने वाले कार्यों की टू डू लिस्ट तैयार करने तथा इन कार्यों को संपादित करने की समयबद्ध रूपरेखा बनाने के निर्देश दिए।

भ्रष्टाचारमुक्त प्रशासन और समयबद्ध निस्तारण पर जोर

विभागीय कार्यों की साप्ताहिक रूप से समीक्षा की जाएगी। शासन सचिव ने कहा कि प्रकरणों का समयबद्ध रूप से निस्तारण किया जाए। साथ ही, उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि "भ्रष्टाचारमुक्त कार्यप्रणाली अपनाते हुए तथा किसानों एवं आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्य करें।"

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story