जयपुर, 2 अगस्त 2026। भारतीय जनता पार्टी राजस्थान के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ संगठनकर्ता स्व. डॉ. ललित किशोर चतुर्वेदी की जयंती पर रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, संगठन महामंत्री अजेय कुमार सहित पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके संगठनात्मक योगदान और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित जीवन को याद किया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान भाजपा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरूण चतुर्वेदी, प्रदेश महामंत्री भूपेन्द्र सैनी, प्रदेश मंत्री डॉ. अपूर्वा सिंह, अजीत मांडण, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़, वरिष्ठ नेता रवि नैयर, प्रदेश कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, प्रदेश सह-कार्यालय प्रभारी भवानी शंकर शर्मा सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने भी श्रद्धेय डॉ. ललित किशोर चतुर्वेदी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि स्व. डॉ. ललित किशोर चतुर्वेदी का व्यक्तित्व संगठन, विचार और राष्ट्रसेवा का अद्भुत संगम था। उन्होंने अपने संपूर्ण सार्वजनिक जीवन में संगठन को सर्वोपरि रखते हुए कार्यकर्ताओं के निर्माण और भाजपा की वैचारिक मजबूती के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।

मदन राठौड़ ने कहा कि डॉ. चतुर्वेदी का सादगीपूर्ण जीवन, अनुशासित कार्यशैली और संगठन के प्रति समर्पण आज भी प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके आदर्शों और मूल्यों पर चलते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्धता दोहराई गई।

कार्यक्रम में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्व. डॉ. ललित किशोर चतुर्वेदी के संगठनात्मक योगदान और राष्ट्रहित में उनके समर्पित जीवन का स्मरण करते हुए उनके विचारों एवं मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story