राजस्थान की प्रशासनिक व्यवस्था में एक दूरगामी और महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए राज्य सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी को मुख्यमंत्री सचिव के प्रतिष्ठित पद पर नियुक्त किया है। अपनी लो-प्रोफाइल कार्यशैली, निर्विवादित छवि और संवेदनशीलता के लिए पहचाने जाने वाले डॉ. सोनी की यह नियुक्ति उनके व्यापक प्रशासनिक अनुभव और परिणामोन्मुख दृष्टिकोण की स्वाभाविक परिणति मानी जा रही है। जयपुर कलक्टर के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने न केवल प्रशासनिक दक्षता के नए प्रतिमान स्थापित किए, बल्कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के विजन और मेंडेट को धरातल पर उतारने में भी अग्रणी भूमिका निभाई।

डॉ. सोनी के नेतृत्व में जयपुर जिला प्रशासन ने सुशासन की एक ऐसी कार्यसंस्कृति विकसित की, जिससे आमजन का प्रशासन पर विश्वास सुदृढ़ हुआ। उनके कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धि ‘रास्ता खोलो अभियान’ रही, जिसे राज्य स्तर पर व्यापक सराहना प्राप्त हुई। मात्र 17 महीनों से भी कम की अल्पावधि में डॉ. सोनी ने ग्रामीण क्षेत्रों में वर्षों से अवरुद्ध 1800 से अधिक रास्तों को खुलवाकर लाखों ग्रामीणों के आवागमन को सुगम बनाया। इस पहल ने न केवल ग्रामीणों की आजीविका को संबल दिया, बल्कि अन्य जिलों के लिए भी एक प्रेरक मॉडल के रूप में कार्य किया।

शिक्षा और सामाजिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में डॉ. सोनी का ‘नरेगा आखर अभियान’ एक ऐतिहासिक मील का पत्थर सिद्ध हुआ है। इस अभियान के माध्यम से मनरेगा में कार्यरत निरक्षर श्रमिकों में साक्षरता की एक नई चेतना जागृत की गई, जिसके परिणामस्वरूप असेसमेंट टेस्ट में जिले के 41 हजार 290 श्रमिक सफलतापूर्वक उत्तीर्ण हुए। इस योजना के आगामी चरण में इन श्रमिकों को डिजिटल साक्षरता के साथ-साथ बैंकिंग प्रक्रियाओं, एटीएम, यूपीआई के उपयोग, सरकारी योजनाओं के डिजिटलीकरण, मोबाइल सुरक्षा, ओटीपी-पासवर्ड की गोपनीयता और ऑनलाइन सेवाओं के व्यावहारिक प्रशिक्षण से लैस कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जाएगा।

इसके साथ ही, ‘सक्षम जयपुर अभियान’ ने नागरिकों और प्रशासन के बीच की दूरी को पाटते हुए सकारात्मक परिवर्तन सुनिश्चित किया। डॉ. सोनी के मार्गदर्शन में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए ‘पंच गौरव योजना’ एक सशक्त माध्यम बनी, जिसके अंतर्गत जयपुर में कबड्डी के 1 हजार 173 मैदान और 20 सिंथेटिक मेट मैदान तैयार किए गए हैं, जहाँ स्थानीय युवा अपनी खेल प्रतिभा को तराश रहे हैं। प्रशासन की सक्रियता का एक अनूठा उदाहरण तब देखने को मिला जब स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों जैसे एसडीएम, बीडीओ, तहसीलदार और ईओ ने अपने-अपने क्षेत्रों में पार्क गोद लिए। जनसहयोग से विकसित हो रहे इन पार्कों में ओपन जिम और वॉकवे जैसी बुनियादी सुविधाएं स्थापित की जा रही हैं।

महिला सशक्तिकरण की दिशा में डॉ. सोनी ने ‘नारी चौपाल’ जैसे अभिनव कार्यक्रम का सूत्रपात किया, जिससे जिले के सभी उपखण्डों में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हुई और उनके स्वर आत्मनिर्भरता की ओर मुखर हुए। संवेदनशीलता, पारदर्शिता और नवाचार का अद्भुत समन्वय रखने वाले डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी की मुख्यमंत्री सचिव के रूप में यह नई भूमिका राज्य प्रशासन को अधिक गतिशील, उत्तरदायी और जनकेंद्रित बनाने की दिशा में एक निर्णायक कदम साबित होगी। उनकी नियुक्ति से प्रदेश में सुशासन की अवधारणा को नई ऊंचाइयां प्राप्त होने की प्रबल संभावना है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story