जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में 5 जुलाई (रविवार) को स्वर्णकार सेवा दल (SSD) की ओर से मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।

समारोह के निमंत्रण के लिए SSD के प्रदेश अध्यक्ष प्रभुदयाल बुटन, जयपुर जिला अध्यक्ष पवन उदावत तथा खातीपुरा भाजपा मंडल के कोषाध्यक्ष एवं गौपुत्र मनोज सोनी (लाम्बा) सहित जिला टीम ने सिटी पैलेस स्थित उपमुख्यमंत्री निवास पर शिष्टाचार भेंट कर उन्हें निमंत्रण पत्र सौंपा। इस दौरान स्वर्णकार समाज की शिक्षा, प्रतिभा सम्मान और सामाजिक उत्थान से जुड़े विभिन्न विषयों पर सकारात्मक चर्चा भी हुई।

SSD के प्रदेश अध्यक्ष प्रभुदयाल बुटन ने बताया कि संस्था पिछले कई वर्षों से स्वर्णकार समाज की मेधावी प्रतिभाओं को सम्मानित कर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही है। इसी क्रम में इस वर्ष भी लगभग 600 मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान किया जाएगा, ताकि युवाओं को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया जा सके।

जयपुर जिला अध्यक्ष पवन उदावत ने बताया कि समारोह में समाज के भामाशाह, जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, समाजसेवी तथा बड़ी संख्या में समाज बंधुओं की उपस्थिति रहेगी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और समाज में इसे लेकर विशेष उत्साह का माहौल है।

मनोज सोनी (लाम्बा) ने स्वर्णकार समाज के सभी बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में समारोह में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी की उपस्थिति मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करेगी और यह समारोह स्वर्णकार समाज के लिए एक ऐतिहासिक अवसर साबित होगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story