दीया कुमारी ने जयपुर के गालता तीर्थ से किया वंदे गंगा अभियान का शुभारंभ
राजस्थान की उप मुख्यमंत्री ने जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने के लिए गालता तीर्थ में पूजा-अर्चना और श्रमदान कर राज्य स्तरीय कार्यक्रम की शुरुआत की।

जयपुर के गालता तीर्थ में सोमवार को गंगा दशमी के अवसर पर आयोजित 'वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान 2026' के शुभारंभ के दौरान शिवलिंग की पूजा-अर्चना करतीं राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी (दाएं) और साथ में उपस्थित अधिकारी।
गंगा दशमी के पावन अवसर पर सोमवार को श्री गालता तीर्थ, गालव ऋषि की तपो भूमि पर ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान 2026’ के जिला स्तरीय कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ राजस्थान की माननीय उप मुख्यमंत्री श्रीमती दीया कुमारी द्वारा पूजा-अर्चना, गंगा आरती एवं श्रमदान के साथ किया गया। इस अवसर पर चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ भी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि राजस्थान जैसे शुष्क एवं मरु प्रदेश के लिए जल संग्रहण एवं जल संचयन अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 25 मई से 5 जून तक राज्य सरकार द्वारा संचालित ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ का मुख्य उद्देश्य जल स्रोतों का संरक्षण, जल संग्रहण एवं संरक्षण को जन जागृति के माध्यम से जन आंदोलन का स्वरूप देना है। अभियान के अंतर्गत नवीन जल संचय संरचनाओं का निर्माण, जल स्रोतों की साफ-सफाई, पारंपरिक जल संरचनाओं का पुनरुद्धार तथा ‘हरियालो राजस्थान महाभियान’ की अग्रिम तैयारी भी शामिल है। इस अवसर पर उन्होंने महिलाओं द्वारा निकाली गई कलश यात्रा का नेतृत्व किया तथा गालता तीर्थ स्थित गौशाला में गायों को चारा खिलाकर गौसेवा भी की।
जिला कलेक्टर संदेष नायक ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के तहत जयपुर जिले में आयोजित 73 जल संरक्षण कार्यक्रमों में लगभग 17903 नागरिकों ने सहभागिता की। उन्होंने बताया कि ब्लॉक स्तर पर जमवारामगढ़ में साफ-सफाई अभियान एवं रैली, सांभर लेक में महिलाओं द्वारा कलश यात्रा, किशनगढ़ रेनवाल में पौधारोपण, नगर पालिका फागी में रंगोली, नगर परिषद शाहपुरा में पौधारोपण एवं रंगोली, तथा कुम्भावास एवं देवीपुरा शाहपुरा में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा चित्रकला प्रतियोगिता एवं सामूहिक रैली का आयोजन किया गया। साथ ही ग्रामीण महिलाओं द्वारा कलश यात्रा, पौधारोपण एवं पीपल पूजन भी संपन्न हुआ।
फुलेरा में विद्यार्थियों के लिए चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। देवयानी सांभरलेक में सरोवर पूजन, विद्यार्थियों की रैली, जल नालों की मरम्मत एवं पौधारोपण किया गया। नेवटा सांगानेर में सरोवर पूजन, पौधारोपण, पीपल पूजन एवं ग्रामीणों द्वारा रैली निकाली गई। मलिकपुरा ब्लॉक किशनगढ़ रेनवाल में महिलाओं द्वारा पौधारोपण, कलश यात्रा एवं वंदे गंगा के संबंध में शपथ दिलाई गई। पंचायत समिति गोविंदगढ़ में ग्रामीणों द्वारा पौधारोपण, कलश यात्रा एवं सरोवर पूजन किया गया, जबकि माधोराजपुरा में पौधारोपण, जल पूजन, कलश यात्रा एवं पीपल पूजन के कार्यक्रम हुए।
इसी क्रम में जालसू में पौधारोपण, जल पूजन, कलश यात्रा एवं पीपल पूजन, पंचायत समिति जोबनेर में ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम के तहत पौधारोपण, पीपल पूजन एवं रैली का आयोजन किया गया। छापरवाड़ा बांध ब्लॉक दूदू में पौधारोपण, जल पूजन, पीपल पूजन, रैली एवं जल शपथ का आयोजन हुआ। मौजमाबाद में भी पौधारोपण, जल पूजन, पीपल पूजन, रैली के साथ ग्रामीणों द्वारा जल शपथ ली गई।
कार्यक्रम में जिला परिषद मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतिभा वर्मा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर चतुर्थ आशीष कुमार, देवस्थान विभाग के अतिरिक्त आयुक्त रतनलाल योगी सहित जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अभियान के माध्यम से जयपुर जिले में जल संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए एक व्यापक जन आंदोलन का स्वरूप प्रदान किया गया, जिससे परंपरागत जल संरचनाओं के पुनर्जीवन एवं पर्यावरण संरक्षण को नई गति मिलने की दिशा स्पष्ट हुई।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
