उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने मोरीजा में 'ग्राम रथ' संध्या चौपाल को संबोधित किया
ग्राम पंचायत मोरीजा में आयोजित संध्या चौपाल में उपमुख्यमंत्री ने जनसुनवाई की और 'ग्राम-2026' एग्रीटेक मीट के प्रचार-प्रसार हेतु ग्राम रथ को हरी झंडी दिखाई।

ग्राम पंचायत मोरीजा में आयोजित संध्या चौपाल के दौरान एक छात्रा को पुरस्कृत करतीं उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी। इस अवसर पर पूर्व विधायक रामलाल शर्मा एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।
चौमू तहसील की ग्राम पंचायत मोरीजा में ग्राम रथ अभियान के अंतर्गत रविवार, 10 मई की संध्या को उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी की अध्यक्षता में संध्या चौपाल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ सभी योजनाओं को धरातल तक प्रभावी रूप से क्रियान्वित कर रही है। उन्होंने ग्राम रथ अभियान को सरकार की योजनाओं तथा ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-2026 के प्रचार-प्रसार का सशक्त माध्यम बताया तथा बताया कि ‘ग्राम-2026’ का आयोजन जयपुर में 23 से 25 मई को होगा।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि यशस्वी मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार कृषि, किसान एवं पशुपालकों के कल्याण के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ग्रामीणों की परिवेदनाएं संवेदनशीलता के साथ सुनीं तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश प्रदान किए।
चौपाल में स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा चौमू उपखंड में विभिन्न सड़कों के निर्माण तथा स्टेट हाईवे निर्माण की स्वीकृति के लिए उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही चौमू-दूदू स्टेट हाईवे को फोरलेन हाईवे के रूप में स्वीकृत करने की मांग भी रखी गई।
कार्यक्रम में कला जत्था के स्थानीय कलाकारों ने नृत्य एवं गायन की अनूठी प्रस्तुतियों के माध्यम से राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा ग्राम विकास से संबंधित जानकारी आमजन तक पहुंचाई।
इस अवसर पर रामलाल शर्मा (पूर्व विधायक, चौमू), दिलीप सिंह (उपखण्ड अधिकारी, चौमू), डॉ. विजयपाल विश्नोई (तहसीलदार, चौमू), सुरज मल सामरिया (विकास अधिकारी, प.स. गोविन्दगढ़) सहित अन्य ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रशासनिक एवं जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जिससे ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का संदेश स्पष्ट रूप से सामने आया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
