उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने आंगनबाड़ियों के लिए न्यूट्री पुलाव प्रीमिक्स का किया स्वाद परीक्षण
आंगनबाड़ियों में उपमा प्रीमिक्स के स्थान पर न्यूट्री पुलाव देने और मुरमुरे की जगह अन्य पौष्टिक विकल्प तलाशने के निर्देश दिए गए।

सचिवालय में आयोजित बैठक के दौरान उपमुख्यमंत्री और महिला एवं बाल विकास मंत्री दिया कुमारी (बाएं से दूसरी) आंगनबाड़ी बच्चों के लिए प्रस्तावित न्यूट्री पुलाव प्रीमिक्स रेसिपी का स्वाद परीक्षण करते हुए।
उपमुख्यमंत्री तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री Diya Kumari ने बुधवार को सचिवालय में निदेशालय समेकित बाल विकास सेवाएं (आईसीडीएस) की ओर से 3 से 06 आयुवर्ग के बच्चों को आंगनबाड़ियों पर कॉन्फेड के माध्यम से दिए जाने वाले हॉट कुक्ड मील (एचसीएम) के तहत उपमा प्रीमिक्स रेसिपी के स्थान पर प्रस्तावित न्यूट्री पुलाव प्रीमिक्स के सैंपल से तैयार रेसिपी का स्वाद परीक्षण किया।
स्वाद परीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि राजस्थान की पृष्ठभूमि और बच्चों के स्वाद को ध्यान में रखते हुए न्यूट्री पुलाव प्रीमिक्स अधिक उपयुक्त और स्वादानुकूल प्रतीत होता है। उन्होंने इसे बच्चों के लिए बेहतर पौष्टिक विकल्प बताते हुए विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री ने कॉन्फेड के माध्यम से प्रस्तुत न्यूट्री पुलाव प्रीमिक्स रेसिपी को आंगनबाड़ियों में बच्चों को दिए जाने हेतु प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
इसके साथ ही उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कॉन्फेड को निर्देशित किया कि वर्तमान में आंगनबाड़ियों में नाश्ते के रूप में दिए जा रहे मुरमुरे के स्थान पर वर्तमान दरों के भीतर ही अन्य बेहतर और अधिक पौष्टिक विकल्प तैयार कर प्रस्तुत किए जाएं। उन्होंने बच्चों के पोषण स्तर को बेहतर बनाने के लिए व्यावहारिक और स्वास्थ्यवर्धक खाद्य विकल्पों को प्राथमिकता देने पर बल दिया।
राज्य सरकार की यह पहल आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को दिए जाने वाले पोषण आहार की गुणवत्ता और स्वाद दोनों को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इससे प्रदेशभर के लाखों बच्चों को संतुलित, पौष्टिक और स्वादानुकूल भोजन उपलब्ध कराने की योजना को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
