गौ सेवा और सनातन संस्कृति संग मनाएं दीपावली: डॉ. अतुल गुप्ता
अखिल भारतीय गौशाला सहयोग परिषद के संयोजक ने दीपोत्सव पर बेसहारा गौवंश के संरक्षण और सहायता का संकल्प लेने का आह्वान किया।

जयपुर। दीपावली का पर्व केवल घरों को रोशन करने तक सीमित न रहे, बल्कि गौ सेवा और सनातन संस्कृति के संरक्षण का संकल्प भी इसका हिस्सा बने। अखिल भारतीय गौशाला सहयोग परिषद के अंतरराष्ट्रीय संयोजक डॉ. अतुल गुप्ता ने देश और दुनिया भर में रहने वाले सभी सनातन धर्मप्रेमियों को दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैयादूज की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए पर्व को सुख, समृद्धि और सेवा भाव के साथ मनाने का आह्वान किया।
अपने शुभकामना संदेश में डॉ. गुप्ता ने कहा कि दीपावली अंधकार पर प्रकाश और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। भारतीय संस्कृति में गौ माता का स्थान सर्वोपरि है और दीपावली के अगले दिन मनाई जाने वाली गोवर्धन पूजा प्रकृति एवं गौवंश के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व है।
उन्होंने सभी से अपील की कि इस दीपावली पर घरों को दीयों से रोशन करने के साथ गौशालाओं को सहयोग देने और बेसहारा गौवंश की सेवा करने का भी संकल्प लें। उन्होंने कहा, "सच्ची दीपावली तभी सार्थक होगी जब समाज का हर वर्ग गौ माता के संरक्षण के लिए आगे आएगा। गौ माता की सेवा से ही राष्ट्र और विश्व में सुख-समृद्धि का वास हो सकता है।"
डॉ. अतुल गुप्ता ने सभी के उत्तम स्वास्थ्य, खुशहाली और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा के संचार की कामना करते हुए मंगलमय दीपोत्सव की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश के माध्यम से दीपावली के उत्सव को गौ संरक्षण, सेवा भावना और सनातन सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का आह्वान किया।

