रेलवे यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में बुधवार को एक अहम कदम तब देखने को मिला, जब उत्तर पश्चिम रेलवे, अजमेर मंडल के मंडल सुरक्षा आयुक्त दीपक कुमार आजाद ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) थाना ब्यावर का वार्षिक निरीक्षण किया। आयुक्त के आगमन पर थाना प्रभारी नरेश कुमार ने औपचारिक अगवानी करते हुए पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया, वहीं थाना परिसर में लाल कालीन बिछाकर सम्मानपूर्ण वातावरण बनाया गया।

निरीक्षण के दौरान मंडल सुरक्षा आयुक्त दीपक कुमार आजाद ने बैरिक, रसोई घर, मालखाना, ड्यूटी कक्ष, थाना प्रभारी कक्ष, स्टोर और बंदी गृह सहित थाने के सभी प्रमुख हिस्सों का गहन अवलोकन किया। व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच करते हुए उन्होंने आवश्यक सुधारों और अनुशासनात्मक मानकों को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने थाना परिसर में अमरूद का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

इसके पश्चात प्लेटफार्म क्रमांक एक पर स्थित आपदा प्रबंधन कक्ष में सुरक्षा सम्मेलन आयोजित किया गया, जहां आयुक्त श्री आजाद ने बल कर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा, सतर्कता और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने आपदा प्रबंधन, कानून-व्यवस्था और रेलवे परिसरों की सुरक्षा को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए।

इस मौके पर उप निरीक्षक नरेश कुमार तंवर, सहायक उप निरीक्षक सीताराम मीणा, आरक्षक अश्वनी कुमार, रामवीर बैरवा, महिला आरक्षक विमला, गायत्री गुर्जर एवं मीरा गुर्जर सहित अन्य बलकर्मी उपस्थित रहे। मंडल सुरक्षा आयुक्त का यह निरीक्षण न केवल प्रशासनिक सुदृढ़ता का प्रतीक बना, बल्कि आरपीएफ की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण संदेश भी छोड़ गया।

Updated On
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story