देवउठनी एकादशी: रेलवे ने चलाई स्पेशल ट्रेनें, चेक करें रूट और शेड्यूल
उत्तर पश्चिम रेलवे ने भिवानी-कुरुक्षेत्र और कुरुक्षेत्र-फुलेरा रूट पर अतिरिक्त यात्री भार को देखते हुए अनारक्षित विशेष ट्रेनें चलाने का फैसला किया है।

देवउठनी एकादशी पर बढ़ने वाले अतिरिक्त यात्री यातायात को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष अनारक्षित रेलसेवाओं के संचालन का निर्णय लिया है। उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर से भिवानी से कुरुक्षेत्र के लिए एक तरफा स्पेशल ट्रेन तथा कुरुक्षेत्र-फुलेरा-कुरुक्षेत्र के बीच नियमित रूप से चार-चार ट्रिप अनारक्षित स्पेशल रेलसेवाएं संचालित की जाएंगी। इन विशेष ट्रेनों से त्योहार के दौरान यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 04743 भिवानी-कुरुक्षेत्र अनारक्षित एक तरफा स्पेशल रेलसेवा का संचालन 18 नवंबर 2026 को एक ट्रिप के लिए किया जाएगा। यह ट्रेन भिवानी से शाम 16.30 बजे रवाना होकर रात 22.00 बजे कुरुक्षेत्र पहुंचेगी। मार्ग में इसका ठहराव कलानौर कलां, रोहतक एवं पानीपत स्टेशनों पर रहेगा। इस ट्रेन में 12 साधारण श्रेणी और 02 गार्ड डिब्बों सहित कुल 14 डिब्बे लगाए जाएंगे।
इसी क्रम में गाड़ी संख्या 04745/04746 कुरुक्षेत्र-फुलेरा-कुरुक्षेत्र अनारक्षित स्पेशल रेलसेवा का संचालन 18 नवंबर से 22 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। गाड़ी संख्या 04745 कुरुक्षेत्र-फुलेरा अनारक्षित स्पेशल ट्रेन 18 नवंबर 2026 से 21 नवंबर 2026 तक कुल 04 ट्रिप संचालित होगी। यह ट्रेन कुरुक्षेत्र से प्रतिदिन रात 23.30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 08.30 बजे फुलेरा पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 04746 फुलेरा-कुरुक्षेत्र अनारक्षित स्पेशल रेलसेवा 19 नवंबर 2026 से 22 नवंबर 2026 तक कुल 04 ट्रिप संचालित होगी। यह ट्रेन फुलेरा से प्रतिदिन सुबह 09.50 बजे रवाना होकर उसी दिन रात 20.00 बजे कुरुक्षेत्र पहुंचेगी।
कुरुक्षेत्र-फुलेरा-कुरुक्षेत्र स्पेशल रेलसेवा का ठहराव कैथल, नरवाना, जींद, जुलाना, रोहतक, अस्थल बोहर, झज्जर, रेवाड़ी, कुंड, अटेली, नारनौल, डाबला, नीमकाथाना, कावंट, श्रीमाधोपुर, रींगस एवं रेनवाल स्टेशनों पर रहेगा।
इस रेलसेवा में भी 12 साधारण श्रेणी एवं 02 गार्ड डिब्बों सहित कुल 14 डिब्बे होंगे। देवउठनी एकादशी के अवसर पर अतिरिक्त यात्री भार को देखते हुए रेलवे की ओर से इन विशेष अनारक्षित ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इससे निर्धारित तिथियों में भिवानी, कुरुक्षेत्र और फुलेरा सहित मार्ग के विभिन्न स्टेशनों के यात्रियों को रेल आवागमन की अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध होगी।

