जयपुर, 20 दिसंबर: राज्य सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों को उजागर करते हुए, नागौर जिले की मेड़ता सिटी में 23 दिसंबर को आयोजित होने वाले एक दिवसीय राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन “उन्नत खेती–समृद्ध किसान” की तैयारियों में तेजी आ गई है। प्रमुख शासन सचिव कृषि एवं उद्यानिकी श्रीमती मंजू राजपाल और आयुक्त कृषि सुश्री चिन्मयी गोपाल ने शनिवार को आयोजन स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान श्रीमती मंजू राजपाल ने कहा कि इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य किसानों को नवीनतम कृषि तकनीकों, उन्नत बीज, आधुनिक कृषि यंत्रों और राज्य एवं केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराना है, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो और खेती अधिक लाभकारी बन सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले में किसानों की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, पार्किंग, चिकित्सा सेवाएं और यातायात व्यवस्था प्रभावी ढंग से सुनिश्चित की जाए, ताकि दूर-दराज से आने वाले किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

23 दिसंबर को आयोजित इस किसान सम्मेलन में राज्य भर से लगभग 25 हजार किसान भाग लेंगे। सम्मेलन के दौरान कृषि एवं उद्यानिकी, सहकारिता, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, गोपालन और कृषि विपणन से संबंधित प्रदर्शनी, नवाचारों का प्रदर्शन और विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। इससे किसान आधुनिक और वैज्ञानिक खेती की दिशा में प्रेरित होंगे और उनकी उत्पादकता में सुधार होगा।

निरीक्षण के समय संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। उन्हें आयोजन को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। इस सम्मेलन की सफलता राज्य के किसानों के लिए न केवल ज्ञान और तकनीक का मार्गदर्शन साबित होगी, बल्कि कृषि क्षेत्र में समग्र प्रगति और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story