दिल्ली सराय और जयपुर के बीच चलेगी अनारक्षित स्पेशल ट्रेन, देखें पूरा रूट
देवउठनी एकादशी पर बढ़ते यात्री भार को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने 18 से 21 नवंबर तक दोनों दिशाओं में तीन-तीन ट्रिप चलाने का फैसला किया है।

देवउठनी एकादशी पर बढ़ने वाले यात्री यातायात को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली सराय और जयपुर के ढेहर का बालाजी स्टेशन के बीच अनारक्षित स्पेशल रेलसेवा संचालित करने का निर्णय लिया है। यह विशेष ट्रेन 18 से 21 नवंबर 2026 तक दोनों दिशाओं में तीन-तीन ट्रिप संचालित करेगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 04474 दिल्ली सराय–ढेहर का बालाजी (जयपुर) अनारक्षित स्पेशल रेलसेवा 18.11.2026 से 20.11.2026 तक कुल तीन ट्रिप संचालित होगी। यह ट्रेन दिल्ली सराय से प्रत्येक निर्धारित दिन रात 23.55 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 05.15 बजे ढेहर का बालाजी पहुंचेगी।
इसी प्रकार, वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 04473 ढेहर का बालाजी (जयपुर)–दिल्ली सराय अनारक्षित स्पेशल रेलसेवा 19.11.2026 से 21.11.2026 तक तीन ट्रिप संचालित होगी। यह ट्रेन ढेहर का बालाजी स्टेशन से सुबह 06.50 बजे रवाना होकर दोपहर 14.00 बजे दिल्ली सराय पहुंचेगी।
रेलवे के अनुसार, दोनों दिशाओं में संचालित होने वाली इस विशेष रेलसेवा का ठहराव दिल्ली कैंट, गुडगॉव, पटौदी रोड, रेवाड़ी, नारनौल, नीमकाथाना, श्रीमाधोपुर, रींगस एवं चौमूं सामोद स्टेशनों पर रहेगा। इससे मार्ग के विभिन्न स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।
इस अनारक्षित स्पेशल रेलसेवा में कुल 16 डिब्बे होंगे। इनमें 14 साधारण श्रेणी के डिब्बे और 02 गार्ड डिब्बे शामिल हैं। देवउठनी एकादशी के अवसर पर अतिरिक्त यात्री यातायात को ध्यान में रखते हुए रेलवे की ओर से संचालित यह विशेष व्यवस्था 18 से 21 नवंबर तक दिल्ली सराय और जयपुर के बीच यात्रियों के आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से की गई है।

