देवउठनी एकादशी के अवसर पर बढ़ने वाले अतिरिक्त यात्री यातायात को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली-रेवाड़ी-दिल्ली रेलसेवा का रींगस तक अस्थाई विस्तार करने का निर्णय लिया है। इस व्यवस्था के तहत 19 एवं 20 नवंबर 2026 को दिल्ली से रींगस तक तथा 20 एवं 21 नवंबर 2026 को रींगस से दिल्ली के लिए रेलसेवा संचालित की जाएगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 74001 दिल्ली-रेवाड़ी रेलसेवा 19 एवं 20 नवंबर 2026 को दिल्ली से रात 20.05 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन रेवाड़ी स्टेशन पर 22.30 बजे पहुंचेगी और 22.50 बजे प्रस्थान करेगी। इसके बाद निर्धारित मार्ग से संचालित होते हुए मध्यरात्रि 01.45 बजे रींगस स्टेशन पहुंचेगी।

इसी प्रकार, गाड़ी संख्या 74002 रेवाड़ी-दिल्ली रेलसेवा 20 एवं 21 नवंबर 2026 को रेवाड़ी के स्थान पर रींगस स्टेशन से रवाना होगी। ट्रेन रींगस से रात 02.05 बजे प्रस्थान करेगी तथा रेवाड़ी स्टेशन पर सुबह 05.10 बजे पहुंचेगी। यहां से 05.30 बजे रवाना होकर सुबह 08.10 बजे दिल्ली पहुंचेगी।

रेलवे के अनुसार, इस अस्थाई विस्तार की अवधि में रेलसेवा का रेवाड़ी से रींगस के बीच अटेली, नारनौल, डाबला, नीमकाथाना, कावंट एवं श्रीमाधोपुर स्टेशनों पर ठहराव रहेगा।

देवउठनी एकादशी के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त आवाजाही को देखते हुए की गई यह व्यवस्था निर्धारित तिथियों पर दिल्ली, रेवाड़ी और रींगस के बीच रेलयात्रियों को आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराएगी।

Next Story