डीग में 24 करोड़ की सिंचाई योजनाओं का लोकार्पण, 21 गांवों को मिलेगा लाभ
जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने ककड़ा चैनल और गुड़गांव कैनाल के कार्यों का लोकार्पण किया, क्षेत्र की 4350 हेक्टेयर भूमि होगी सिंचित।

डीग के ग्राम परमदरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत और गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म सिंचाई परियोजनाओं का लोकार्पण करते हुए।
डीग, 11 मई। राजस्थान सरकार द्वारा किसानों के आर्थिक उत्थान और सिंचाई तंत्र को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए सोमवार को डीग जिले के ग्राम परमदरा में लगभग 24 करोड़ रुपये की लागत वाली प्रमुख सिंचाई परियोजनाओं का लोकार्पण एवं 9 करोड़ 72 लाख रुपये की लागत के विकास कार्यों का शिलान्यास संपन्न हुआ। इस भव्य समारोह में प्रदेश के जल संसाधन, जल संसाधन (आयोजना) एवं भरतपुर-डीग जिले के प्रभारी मंत्री श्री सुरेश सिंह रावत ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता गृह, गोपालन, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य विभाग के राज्य मंत्री श्री जवाहर सिंह बेढ़म ने की। इस अवसर पर संशोधित पार्वती-कालीसिंध-चम्बल लिंक परियोजना से डीग जिले के जुड़ने की ऐतिहासिक घोषणा के साथ ही क्षेत्र के कृषि परिदृश्य को बदलने की आधारशिला रखी गई।
कार्यक्रम के दौरान डीग तहसील और जिले के किसानों के लिए जीवनदायिनी मानी जाने वाली ककड़ा चैनल (आर.डी. 0 से 8500 मीटर) के जीर्णोद्धार कार्य का विधिवत लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही गुड़गांव कैनाल सिंचाई परियोजना के अंतर्गत टेल डिस्ट्रीब्यूटरी (चैन 0 से 220) और इसकी माइनर्स के पुनरुद्धार कार्यों को जनता को समर्पित किया गया। सिंचाई क्षमता विस्तार की कड़ी में बजट घोषणा के अनुरूप डीग डिस्ट्रीब्यूटरी की दिदावली, परमदरा एवं डीग सब-माइनर के पुनरुद्धार कार्य का शिलान्यास भी किया गया, जिससे जल रिसाव की समस्या समाप्त होगी और अंतिम छोर के खेतों तक पानी की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी।
मुख्य अतिथि श्री सुरेश सिंह रावत ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र के 21 गांवों की 4350 हेक्टेयर कृषि भूमि सीधे तौर पर सिंचित होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के विजन को साझा करते हुए कहा कि राजस्थान अब मरु प्रदेश से हरित प्रदेश बनने की ओर अग्रसर है। मंत्री रावत ने स्पष्ट किया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गृह राज्य मंत्री की मांग पर डीग को संशोधित पार्वती-कालीसिंध-चम्बल लिंक परियोजना का हिस्सा बनाया गया है, जिससे चम्बल, कालीसिंध और पार्वती नदियों का संगम यहां पेयजल और सिंचाई संकट का स्थायी समाधान बनेगा। उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि एसआईटी के गठन से युवाओं का भविष्य सुरक्षित हुआ है और 'हर खेत को पानी, हर हाथ को रोजगार' का संकल्प पूरा हो रहा है। उन्होंने महिलाओं के लिए लखपति दीदी योजना को मील का पत्थर बताया और किसानों को 23 से 25 मई तक जयपुर में आयोजित होने वाले ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट एवं ग्राम रथ अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में गृह राज्य मंत्री श्री जवाहर सिंह बेढ़म ने गुड़गांव कैनाल का पानी मिलने पर किसानों को बधाई देते हुए कहा कि नगर विधानसभा क्षेत्र में 1800 करोड़ रुपये के विकास कार्य और 100 से अधिक सड़कों का निर्माण जारी है। उन्होंने संकल्प व्यक्त किया कि पिछड़ा माना जाने वाला खोहवाटी क्षेत्र अब एक विकसित नगर के रूप में उभरेगा। श्री बेढ़म ने जानकारी दी कि सीकरी बांध को चम्बल परियोजना से जोड़ने की निविदा प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। राज्य में मादक पदार्थों के विरुद्ध मुख्यमंत्री द्वारा गठित एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की प्रभावी कार्रवाई का उल्लेख करते हुए उन्होंने कानून-व्यवस्था पर संतोष जताया। उन्होंने सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का संदर्भ देते हुए नई पीढ़ी को सांस्कृतिक विरासत सहेजने का संदेश दिया और ग्राम रथ अभियान के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर मयंक मनीष, जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ, अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजकुमार कस्वां सहित जल संसाधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं भारी संख्या में जनसमुदाय उपस्थित रहा।

