अमृत भारत स्टेशन योजना: पीएम मोदी ने किया दौसा रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का उद्घाटन
दौसा रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकास पूरा, पीएम मोदी ने किया उद्घाटन, राज्यपाल हरिभाऊ बागडे रहे मौजूद।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार, 17 जुलाई को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित दौसा रेलवे स्टेशन का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उद्घाटन किया। इस अवसर पर दौसा रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित समारोह में राजस्थान के राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश रेलवे, सड़क, कृषि, ऊर्जा तथा आधारभूत संरचना सहित विकास के सभी क्षेत्रों में तेज गति से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के माध्यम से देशभर के रेलवे स्टेशनों का आधुनिक सुविधाओं के अनुरूप पुनर्विकास किया जा रहा है। दौसा रेलवे स्टेशन भी इसी परिवर्तन का उदाहरण है, जहां यात्रियों के लिए बेहतर और आधुनिक सुविधाएं विकसित कर स्टेशन को नया स्वरूप दिया गया है।
राज्यपाल ने कहा कि भारतीय रेलवे में विद्युतीकरण के विस्तार से रेल संचालन अधिक तेज, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल हुआ है। ब्रॉडगेज रेलमार्गों पर विद्युत चालित ट्रेनों के संचालन से प्रदूषण में कमी आई है और ऊर्जा दक्षता भी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में देशभर में राष्ट्रीय राजमार्गों एवं एक्सप्रेस-वे का व्यापक नेटवर्क विकसित किया जा रहा है। विद्युत उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि से निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हुई है।
राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से 80 करोड़ से अधिक लोगों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं, स्वच्छ भारत मिशन के तहत घर-घर शौचालय निर्माण से महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को नई मजबूती मिली है।
कृषि एवं ग्रामीण विकास विभाग मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने कहा कि पिछले वर्षों में दौसा जिले में आधारभूत विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के निर्माण से देश की राजधानी तक की यात्रा का समय काफी कम हुआ है। रेलवे के आधुनिकीकरण के साथ दौसा स्टेशन पर यात्रियों को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित दौसा रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। स्टेशन के पुनर्विकास के तहत यात्रियों की सुविधा के लिए सर्कुलेटिंग एरिया का विकास, आधुनिक प्रतीक्षालय, फुट ओवर ब्रिज एवं लिफ्ट, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, डिजिटल सूचना प्रणाली तथा अन्य यात्री सुविधाएं विकसित की गई हैं।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत तैयार यह स्टेशन क्षेत्र में रेलवे सुविधाओं के आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जहां यात्रियों को बेहतर सुविधाओं के साथ नया और आधुनिक स्टेशन परिसर उपलब्ध कराया गया है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
