साइबर सिक्योरिटी हैकाथॉन 2026: ठगी निस्तारण व सुरक्षा पर पांच सत्र
1930 हेल्पलाइन, राशि वापसी, ऑटोमेशन व महिला-बाल सुरक्षा पर मंथन; मुख्य सचिव रविवार समापन में विजेताओं को पुरस्कृत करेंगे।

साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने, ऑनलाइन ठगी की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने और साइबर सुरक्षा तंत्र को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से राजस्थान पुलिस और राजस्थान साइबर क्राइम कंट्रोल सेंटर (आर4सी) की ओर से आयोजित ‘साइबर सिक्योरिटी हैकाथॉन-2026’ के पहले दिन पांच महत्वपूर्ण तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। उद्घाटन समारोह के बाद हुए इन सत्रों में साइबर अपराधों की रोकथाम, पीड़ितों को राहत और तकनीकी प्रक्रियाओं को मजबूत बनाने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विशेषज्ञों ने विचार साझा किए।
पहले दिन आयोजित तकनीकी सत्रों में 1930 साइबर हेल्पलाइन के माध्यम से साइबर अपराधों से बचाव और त्वरित कार्रवाई, महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध ऑनलाइन अपराध, साइबर ठगी की राशि वापस दिलाने की प्रक्रिया एवं शिकायत निवारण मॉड्यूल, साइबर अपराधों से संबंधित प्रक्रियाओं का स्वचालन (प्रोसेस ऑटोमेशन) तथा साइबर अपराध हॉटस्पॉट पर प्रभावी प्रवर्तन एवं कार्रवाई जैसे विषय शामिल रहे।
एक तकनीकी सत्र में पुलिस अधीक्षक (साइबर क्राइम) सुमित मेहरड़ा ने प्रतिभागियों के साथ महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने साइबर अपराधों की रोकथाम से संबंधित कार्यप्रणाली को विस्तार से समझाते हुए साइबर ठगी के शिकार लोगों की राशि वापस दिलाने की प्रक्रिया की जानकारी दी। साथ ही बताया कि शिकायत निवारण तंत्र के माध्यम से साइबर फ्रॉड से जुड़ी शिकायतों का प्रभावी ढंग से समाधान किस प्रकार किया जाता है।
मेहरड़ा ने महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले ऑनलाइन अपराधों पर भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने साइबर बुलिंग, साइबर स्टॉकिंग और साइबर ब्लैकमेलिंग जैसे अपराधों की रोकथाम के लिए कार्यरत विशेष विंग की भूमिका और उससे संबंधित पहलुओं के बारे में प्रतिभागियों को अवगत कराया।
प्रतियोगिता के समापन पर एसपी सुमित मेहरड़ा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली सभी विजेता टीमों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। हैकाथॉन के दूसरे दिन रविवार को शाम 4 बजे समापन समारोह आयोजित होगा। इसमें मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास संबोधित करेंगे और विजेता टीमों को पुरस्कृत करेंगे। हैकाथॉन के तकनीकी सत्रों में साइबर अपराधों की रोकथाम से लेकर शिकायतों के निस्तारण और प्रक्रियाओं के स्वचालन तक के महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा के साथ साइबर सुरक्षा को मजबूत बनाने के विभिन्न पहलुओं पर ध्यान केंद्रित किया गया।

