डिजिटल युग में व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए कुलपति प्रो. आनंद भालेराव की प्रेरणा से राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय के सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (ICT) अनुभाग ने "डिजिटल व्यक्तिगत डेटा संरक्षण अधिनियम, 2023 (DPDP Act, 2023) एवं डिजिटल व्यक्तिगत डेटा संरक्षण नियम, 2025 (DPDP Rules, 2025)" विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को डिजिटल व्यक्तिगत डेटा संरक्षण से जुड़े प्रावधानों और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम का संचालन एवं मुख्य प्रस्तुतिकरण सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी अनुभाग के प्रभारी श्री चत्तर सिंह ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को डिजिटल व्यक्तिगत डेटा संरक्षण अधिनियम, 2023 तथा डिजिटल व्यक्तिगत डेटा संरक्षण नियम, 2025 के प्रमुख प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही व्यक्तिगत डेटा की सुरक्षा, डेटा प्रोसेसिंग में पारदर्शिता, कार्यालयीन कार्यों में डेटा संरक्षण के महत्व तथा डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. आनंद भालेराव ने कहा कि राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय अपने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के ज्ञान, कौशल एवं क्षमता विकास के लिए समय-समय पर विभिन्न प्रशिक्षण, कार्यशालाओं एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों से प्राप्त ज्ञान प्रतिभागियों के दैनिक कार्यों में उपयोगी सिद्ध होगा तथा विश्वविद्यालय की कार्यसंस्कृति को और अधिक प्रभावी, उत्तरदायी एवं उत्कृष्ट बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

जागरूकता कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के 50 से अधिक गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों ने भाग लिया। इस दौरान डॉ. कोत्रय्या अगाडी (लाइब्रेरियन), श्री एम.के. भोमिया (उप कुलसचिव), श्री गौरव शर्मा (सहायक कुलसचिव) सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यशाला के उपरांत प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए गए। विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम डिजिटल व्यक्तिगत डेटा संरक्षण संबंधी जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की क्षमता विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story