राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय ने ग्रीन कैंपस और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए परिसर में ईजी चार्ज (EZY Charge) कम्पनी द्वारा निर्मित अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक वाहन (EV) चार्जिंग स्टेशन का शुभारंभ किया है। विश्वविद्यालय अपने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिए आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल सुविधाओं का निरंतर विस्तार कर रहा है। परिसर में स्थापित यह नई सुविधा हरित परिवहन (Green Mobility), स्वच्छ ऊर्जा (Clean Energy) और सतत विकास (Sustainable Development) को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

इस इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आनंद भालेराव ने प्रशासनिक भवन के पार्किंग क्षेत्र में किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय देश के सबसे सुंदर एवं सुव्यवस्थित परिसरों में से एक है और इसे सतत एवं पर्यावरण-अनुकूल विकास के मॉडल के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि परिसर में पहले से ही सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), सौर ऊर्जा संयंत्र, रूफटॉप सोलर सिस्टम तथा वर्षा जल संचयन जैसी अनेक हरित सुविधाएँ विकसित की जा चुकी हैं। इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन इसी दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है।

कुलपति प्रो. आनंद भालेराव ने बताया कि सामान्यतः बाजार में ईवी चार्जिंग की दर लगभग ₹15 प्रति यूनिट है, जबकि विश्वविद्यालय यह सुविधा विद्यार्थियों, कर्मचारियों एवं परिसरवासियों को रियायती दर ₹13 प्रति यूनिट पर उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि परिसर विकास विश्वविद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और भविष्य में भी अनेक आधुनिक एवं पर्यावरण-अनुकूल सुविधाएँ विकसित की जाएँगी। उनका कहना था कि विश्वविद्यालय का लक्ष्य राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय को एक आदर्श हरित परिसर (Green Campus) के रूप में स्थापित करना है।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार यह चार्जिंग स्टेशन शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों तथा परिसर में आने वाले आगंतुकों के लिए साझा सुविधा के रूप में उपलब्ध रहेगा। उपयोगकर्ता निर्धारित मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान कर इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। इससे इलेक्ट्रिक वाहन उपयोगकर्ताओं को चार्जिंग के लिए परिसर से बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे समय, ऊर्जा और संसाधनों की बचत होगी।

विश्वविद्यालय ने बताया कि वर्तमान समय में परिसर में इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में चार्जिंग स्टेशन की उपलब्धता विश्वविद्यालय समुदाय के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी और अधिकाधिक लोगों को इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग के लिए प्रेरित करेगी। इससे न केवल जीवाश्म ईंधनों पर निर्भरता कम होगी, बल्कि कार्बन उत्सर्जन में भी कमी आएगी और स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

कार्यक्रम में कुलसचिव प्रो. अमरदीप शर्मा, वित्त अधिकारी श्री प्रदीप अग्रवाल सहित विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, अधिकारीगण, बड़ी संख्या में कर्मचारीगण, शोधार्थी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जनसंपर्क अधिकारी अनुराधा मित्तल ने किया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story