राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय में आज से तीन दिवसीय राष्ट्रीय विज्ञान दिवस उत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। विज्ञान, नवाचार और अनुसंधान को समर्पित यह आयोजन 25 से 27 फरवरी तक विश्वविद्यालय परिसर में उत्साह, जिज्ञासा और रचनात्मक ऊर्जा का अद्वितीय संगम प्रस्तुत करेगा। तीन दिनों तक चलने वाले इस विशेष आयोजन में विद्यार्थियों, शोधार्थियों, शिक्षकों तथा आसपास के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रहेगी।

विज्ञान प्रदर्शनी और नवाचारों का संगम

उत्सव के अंतर्गत विज्ञान विषयक प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के साथ-साथ आसपास के स्कूलों के विद्यार्थी भी अपने मॉडल, प्रोजेक्ट्स और नवाचारों का प्रदर्शन करेंगे। यह प्रदर्शनी विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच और रचनात्मकता को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच सिद्ध होगी। तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान क्विज एवं डिबेट प्रतियोगिताएँ, इनोवेशन एवं रिसर्च आइडियाज प्रजेंटेशन, आर्ट एंड साइंस फ्यूज़न, रैपिड रिसर्च प्रजेंटेशन, स्कूल विद्यार्थियों के लिए मॉडल एग्जीबिशन एवं विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियाँ तथा इंडियन नॉलेज सिस्टम पर विशेष प्रदर्शनी जैसे अनेक आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण का विकास करना, नवाचार को प्रोत्साहित करना तथा पारंपरिक भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक विज्ञान के मध्य संवाद स्थापित करना है।

कुलपति प्रो. आनंद भालेराव का संदेश

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आनंद भालेराव ने अपने संदेश में कहा कि "विश्वविद्यालय में इस प्रकार के आयोजन विज्ञान, नवाचार और अनुसंधान को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को अपने ज्ञान के आदान-प्रदान, नवीन प्रयोगों की प्रस्तुति तथा वैज्ञानिक दृष्टिकोण को सुदृढ़ बनाने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं। साथ ही, यह आयोजन युवा मन में जिज्ञासा, तार्किकता और अनुसंधान की भावना को प्रोत्साहित करता है।"

सर सी. वी. रमन और रमन प्रभाव का स्मरण

उल्लेखनीय है कि विश्वविद्यालय में प्रति वर्ष राष्ट्रीय विज्ञान दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया जाता है। इस अवसर पर महान भारतीय वैज्ञानिक सर सी. वी. रमन को विशेष रूप से स्मरण किया जाता है, जिनकी ऐतिहासिक खोज ‘रमन प्रभाव’ के सम्मान में 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया जाता है। यह दिन विज्ञान के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों को रेखांकित करने और नई पीढ़ी को वैज्ञानिक अनुसंधान के लिए प्रेरित करने का प्रतीक है।

Updated On
Next Story