सहकारिता विभाग में मनाई गई दीपावली, डॉ. समित शर्मा ने की पूजा
सहकार भवन में शासन सचिव डॉ. समित शर्मा ने भगवान श्रीराम का विधि-विधान से पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की और कर्मचारियों को मिठाई बांटी।

जयपुर के सहकार भवन में दीपावली पर सहकारिता विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की उपस्थिति।
जयपुर, 06 नवम्बर। धनतेरस के अवसर पर सहकारिता विभाग में दीपावली का पर्व उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार, सहकारिता डॉ. समित शर्मा ने सहकार भवन के तृतीय तल स्थित सभागार में भगवान श्रीराम का पूजा स्थल स्थापित कर विधि-विधान एवं श्रद्धापूर्वक पूजन किया। उन्होंने प्रदेश और विभाग की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं निरंतर प्रगति की कामना की।
पूजन कार्यक्रम के दौरान डॉ. समित शर्मा ने विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दीपावली के पावन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुखमय, मंगलमय एवं समृद्ध जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि दीपावली अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा, आदर्श, कर्तव्यनिष्ठा, त्याग एवं लोककल्याण की भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
डॉ. शर्मा ने कहा कि दीपावली का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे, सौहार्द एवं सद्भावना को मजबूत करने का संदेश देता है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आपसी समन्वय, सहयोग और टीम भावना के साथ अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर शासन सचिव डॉ. समित शर्मा ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं और उपस्थितजनों को मिठाई वितरित की। कार्यक्रम में सहकारिता विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

