जयपुर। राजस्थान के कृषि परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ते हुए मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा आगामी 22 अप्रेल, बुधवार को राज्य के अन्नदाताओं के लिए 'मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना' की छठी किश्त जारी करेंगे। जोधपुर जिले के ओसियां में आयोजित होने वाले भव्य राज्य स्तरीय समारोह के माध्यम से प्रदेश के 66 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में 665 करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (DBT) के जरिए सीधे अंतरित की जाएगी। सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गौतम कुमार दक ने इस ऐतिहासिक आयोजन की पुष्टि करते हुए बताया कि सरकार किसानों की आर्थिक समृद्धि और सामाजिक सुरक्षा के प्रति पूरी तरह संकल्पित है।

राज्य स्तरीय मुख्य समारोह के साथ-साथ प्रदेश के प्रत्येक जिला, ब्लॉक एवं ग्राम स्तर पर भी कृषि विभाग के समन्वय से विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें बड़ी संख्या में कृषकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। यह कदम ग्रामीण स्तर पर योजना की पहुँच और पारदर्शिता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से उठाया गया है। आंकड़ों के आइने में देखें तो मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत अब तक 5 किश्तों के माध्यम से प्रदेश के 71 लाख से अधिक किसान परिवारों को 2726 करोड़ रुपये से अधिक की धन राशि सफलतापूर्वक हस्तांतरित की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त, पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत राज्य सरकार के ढाई वर्ष के सफल कार्यकाल में 76 लाख से अधिक किसानों के खातों में 6 किस्तों में कुल 9583 करोड़ रुपये की राशि भेजी गई है।

सहकारिता मंत्री श्री दक ने योजना की महत्ता को रेखांकित करते हुए स्पष्ट किया कि राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना लागू कर पीएम किसान सम्मान निधि के समस्त पात्र किसानों के लिए 3000 रुपये की अतिरिक्त वार्षिक सहायता का प्रावधान किया है। यह राशि तीन समान किस्तों में प्रदान की जा रही है, जिसके फलस्वरूप अब राजस्थान के पात्र किसानों को कुल 9000 रुपये प्रति वर्ष की सम्मान निधि प्राप्त हो रही है। ओसियां का यह समारोह न केवल वित्तीय सहायता के वितरण का गवाह बनेगा, बल्कि यह राजस्थान सरकार के किसान-कल्याणकारी दृष्टिकोण और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के निरंतर प्रयासों का एक जीवंत प्रमाण भी सिद्ध होगा।

Next Story