जनजातीय गौरव दिवस पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दी शुभकामनाएं, बिरसा मुंडा के योगदान को किया याद
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के स्वतंत्रता संग्राम, सामाजिक सुधार और जनजातीय विरासत के संरक्षण में योगदान को याद किया।

जयपुर में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (बाएं से तीसरे) ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को प्रेरणास्रोत बताया।
जयपुर, 14 नवंबर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 15 नवंबर को मनाए जाने वाले जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के स्वतंत्रता संग्राम और जनजातीय समाज के उत्थान में दिए गए योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को सभी के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2021 में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की थी। यह पहल राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समाज के योगदान और उसकी गौरवशाली विरासत के प्रति सम्मान व्यक्त करने का माध्यम है।
उन्होंने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा महान स्वतंत्रता सेनानी थे, जिन्होंने पूरे देश में जनक्रांति की लौ जलाई। स्वतंत्रता संग्राम में योगदान के साथ उन्होंने समाज सुधारक के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने जनजातीय समाज को नशा और जातीय संघर्ष जैसी बुराइयों को त्यागने तथा आपसी एकजुटता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के आदर्श आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि जनजातीय समाज ने विश्व को जल, जंगल और जमीन के साथ संतुलन बनाकर जीवन जीने की सीख दी है। राज्य सरकार जनजातीय समाज की इन परम्पराओं और विरासत को संरक्षित करने के साथ ही उसके कल्याण के लिए कृत-संकल्पित है।

