राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 1 एवं 2 अगस्त को उदयपुर तथा राजसमंद जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह पर्यावरण संरक्षण, युवा जागरूकता, ग्रामीण विकास तथा विभिन्न विकास परियोजनाओं से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लेंगे। मुख्यमंत्री जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आमजन से संवाद करने के साथ ही विकास कार्यों की समीक्षा भी करेंगे।

मुख्यमंत्री 1 अगस्त को उदयपुर के दूध तलाई (पिछोला) में आयोजित राज्य स्तरीय वन महोत्सव शुभारंभ समारोह में शामिल होंगे। इस अवसर पर वह चंदनवन में पौधारोपण करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री झाड़ोल क्षेत्र के बीड़ा गांव में आयोजित ग्राम विकास चौपाल में भाग लेंगे। उल्लेखनीय है कि इससे पहले मुख्यमंत्री 9 ग्राम विकास चौपाल कर चुके हैं। इन चौपालों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकताओं, विकास योजनाओं की प्रगति तथा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

दौरे के दूसरे दिन 2 अगस्त को मुख्यमंत्री उदयपुर के राजस्थान कृषि महाविद्यालय पहुंचेंगे, जहां वह नारी शक्ति रैली को फ्लैग ऑफ करेंगे। इसके पश्चात मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के शुभारंभ कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री राजसमंद में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में आधारभूत संरचना, नागरिक सुविधाओं तथा समग्र विकास को नई गति मिलने की अपेक्षा है। कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री उदयपुर पहुंचकर उदयपुर संभाग एवं सिरोही जिले के कलक्टर्स तथा पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाएगी।

मुख्यमंत्री के दो दिवसीय दौरे में राज्य स्तरीय वन महोत्सव, ग्राम विकास चौपाल, नारी शक्ति रैली, ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ में सहभागिता, विकास परियोजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण तथा प्रशासनिक समीक्षा बैठक जैसे कार्यक्रम शामिल हैं, जिनके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, ग्रामीण विकास, आधारभूत ढांचे और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर विशेष फोकस रहेगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story