जयपुर में शनिवार सुबह मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का अलग अंदाज देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने 14 नवंबर को जवाहर सर्किल में आमजन के बीच पहुंचकर मॉर्निंग वॉक की और बुजुर्गों, महिलाओं तथा युवाओं से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने लोगों से विभिन्न विषयों पर सुझाव भी लिए और बच्चों से बातचीत कर उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रातः भ्रमण के दौरान बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं से आत्मीय मुलाकात की तथा उनका अभिवादन स्वीकार किया। उन्होंने बच्चों से उनकी शिक्षा और दिनचर्या के बारे में जानकारी ली। साथ ही, बच्चों को चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साह बढ़ाया। मॉर्निंग वॉक के दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर में दर्शन किए और प्रदेश की सुख, समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आमजन के साथ छाछ पीकर स्वस्थ खान-पान अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने और 'वोकल फॉर लोकल' अभियान में भागीदारी निभाने की अपील भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 'फिट इंडिया' अभियान स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण का आधार है। शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने से व्यक्ति की कार्यक्षमता बढ़ती है और वह अपने कार्यों को अधिक ऊर्जा एवं उत्साह के साथ पूरा कर सकता है। उन्होंने कहा कि नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाना प्रत्येक व्यक्ति के लिए जरूरी है।

सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि साफ-सफाई बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। लोगों को अपने आसपास गंदगी नहीं होने देनी चाहिए। कहीं भी गंदगी दिखाई देने पर प्रशासन को सूचित कर स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।

मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार गरीब, किसान, मजदूर, पशुपालक, महिलाओं और युवाओं के कल्याण एवं उत्थान के लिए कृतसंकल्पित है। सरकार ने विगत तीन वर्षों में जनकल्याण से जुड़ी अनेक योजनाओं को धरातल पर उतारा है। इसके साथ ही लाखों युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने आमजन से नियमित व्यायाम, योगाभ्यास और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। इस दौरान मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर मॉर्निंग वॉक करने वाले लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने उनके साथ सेल्फी भी ली। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Next Story