मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश: शहरी विकास परियोजनाओं को समय पर पूरा करें
मुख्यमंत्री ने जयपुर में यातायात सुधार, जल निकासी और प्रस्तावित एलिवेटेड रोड परियोजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शहरी विकास परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की कोताही पर कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कार्य समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में उन्होंने जयपुर सहित प्रदेश के अन्य शहरों में सुगम यातायात, स्वच्छता, सौन्दर्यीकरण एवं सुव्यवस्थित शहरी विकास सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने मानसून से पूर्व नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को मिशन मोड पर पूरा करने पर जोर देते हुए कहा कि बारिश के दौरान आमजन को जल भराव की समस्या का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने स्वच्छता के लिए जनजागरूकता बढ़ाने, सफाई कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग, सफाई मित्रों की सहभागिता तथा कचरे के नियमित उठाव और निस्तारण को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
यातायात प्रबंधन को लेकर मुख्यमंत्री ने जयपुर में अधिक से अधिक चौराहों को सिग्नल फ्री बनाने, गैर जरूरी रोड कट बंद करने, अतिक्रमण के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने तथा सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था विकसित करने पर बल दिया। उन्होंने सीवरेज और ड्रेनेज परियोजनाओं को प्राथमिकता देते हुए स्वच्छ और सुरक्षित शहरी सुविधाएं विकसित करने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने जयपुर को मॉडल शहर के रूप में विकसित करने के लिए भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास परियोजनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में सालिग्रामपुरा आरओबी, सिविल लाइंस फाटक आरओबी, गोपालपुरा एलिवेटेड रोड, सांगानेर एलिवेटेड रोड, अरण्य भवन-जगतपुरा रोड, पुरानी चुंगी अंडरपास, राम मंदिर आरओबी, द्रव्यवती एलिवेटेड कॉरिडोर, महल रोड कॉरिडोर और सेक्टर रोड नेटवर्क सहित विभिन्न प्रगतिरत एवं प्रस्तावित परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में मुख्यमंत्री कार्यालय, सार्वजनिक निर्माण विभाग, जेडीए, नगर निगम, पुलिस विभाग तथा जयपुर जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे। यह बैठक शहरी विकास कार्यों में जवाबदेही तय करने और समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
