सांगानेर शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण, सीएम ने किया लाभार्थियों से संवाद
मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को पट्टे और सहायता राशि के चेक वितरित किए तथा अधिकारियों को प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

जयपुर के सांगानेर में सोमवार को आयोजित शहरी सेवा शिविर का मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए मौके पर उपस्थित नागरिकों से संवाद किया और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा शिविर के संचालन पर फीडबैक प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री ने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई स्टॉल्स का अवलोकन किया और नामांतरण, भू-उपयोग परिवर्तन, सड़कों की मरम्मत एवं पेचवर्क कार्य, स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत, भवन निर्माण स्वीकृति तथा सीवर कनेक्शन जैसी मूलभूत सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का संवेदनशीलता के साथ त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने शिविर में पहुंचे लाभार्थियों को पट्टे, प्रमाण पत्र, भवन निर्माण स्वीकृति और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत सहायता राशि के चेक वितरित किए। इसके साथ ही विशेष योग्यजनों को सहायक उपकरण भी प्रदान किए गए। लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री से सीधे संवाद कर सरकार की इस पहल के प्रति संतोष और आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित स्वायत्त शासन विभाग, जयपुर विकास प्राधिकरण, जिला प्रशासन, जयपुर नगर निगम एवं संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। शहरी सेवा शिविरों को आमजन की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बताते हुए मुख्यमंत्री ने इन्हें जनसुविधा और पारदर्शिता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में रेखांकित किया।
यह शिविर शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करते हुए त्वरित समाधान की दिशा में एक सशक्त माध्यम के रूप में उभरता दिखाई दिया, जिससे नागरिकों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल रहा है और प्रशासनिक प्रक्रिया अधिक सुगम बन रही है।

