अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास में योग और खेल उपलब्धियों का प्रेरणादायक संगम देखने को मिला। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विश्व योगासन चैम्पियनशिप में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के साथ योगाभ्यास कर उन्हें सम्मानित किया और आमजन को स्वस्थ जीवन के लिए योग को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए योग करना बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे योग को नियमित रूप से अपनाकर शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाएं। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के तहत आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विश्व स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

उल्लेखनीय है कि अहमदाबाद में आयोजित प्रथम विश्व योगासन चैम्पियनशिप में राजस्थान के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत का गौरव विश्व मंच पर बढ़ाया। प्रतियोगिता में राजस्थान के खिलाड़ियों ने देश के लिए कुल 10 पदक हासिल किए, जिनमें 9 स्वर्ण पदक और 1 रजत पदक शामिल है। खिलाड़ियों की इस उल्लेखनीय सफलता ने योगासन खेलों में राजस्थान की मजबूत उपस्थिति को रेखांकित किया है।

मुख्यमंत्री ने पदक विजेता खिलाड़ियों की हौसला-अफजाई करते हुए उनकी उपलब्धियों को राज्य और देश के लिए गौरव का विषय बताया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पूर्व आयोजित यह कार्यक्रम न केवल योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश देता है, बल्कि उन खिलाड़ियों की उपलब्धियों को भी सम्मानित करता है जिन्होंने विश्व स्तर पर भारत और राजस्थान का नाम रोशन किया है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story