मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर में आमजन के साथ मनाई होली
मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित महोत्सव में प्रदेशभर से आए लोगों ने फूलों और प्राकृतिक रंगों के साथ उत्सव मनाया, जहां शेखावाटी और ब्रज की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।

जयपुर में मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित होली महोत्सव के दौरान उपस्थित जनसमूह का अभिवादन करते मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और अन्य जनप्रतिनिधि।
जयपुर, 4 मार्च। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को आमजन के साथ होली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया। मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित हुए इस विशेष होली महोत्सव में प्रदेशभर से हजारों की संख्या में आए लोगों ने फूलों और प्राकृतिक रंगों के साथ यह त्योहार मनाया। श्री शर्मा ने सपत्नीक आमजन को गुलाल लगाया और फूलों की वर्षा कर पूरी आत्मीयता के साथ सभी का अभिनन्दन किया।
साफा-दुपट्टा और अबीर-गुलाल से मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत
महोत्सव के दौरान बच्चों से लेकर बुजुर्गों और महिलाओं से लेकर युवाओं तक, सभी में मुख्यमंत्री के साथ होली खेलने को लेकर एक अलग ही उत्साह और ऊर्जा नजर आई। उत्सव के प्रवाह में किसी ने मुख्यमंत्री को गुलाल लगाने के साथ साफा और दुपट्टा पहनाया, तो किसी ने अपने हाथों से बनी पिचकारी एवं गुलाल गोटा भेंट किया।
शेखावाटी के चंग से लेकर ब्रज की होली का छाया सुरूर
मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में होली के पावन पर्व पर प्रदेशभर की संस्कृति एक छत के नीचे साकार होती नजर आई, जहां ब्रज से लेकर शेखावाटी तक की होली के विभिन्न रूपों का अनूठा संगम देखने को मिला। ब्रज से आए भारतीय कला संस्थान के कलाकारों एवं भजन मंडली ने अपने पारंपरिक गायन और नृत्य के साथ शानदार समां बांधा। वहीं, दूसरी ओर शेखावाटी के फतेहपुर की 'गो वत्स फाग मंडली' के कलाकारों ने चंग की थाप के साथ धमाल मचाया। इस सांस्कृतिक वातावरण के बीच मुख्यमंत्री ने स्वयं भी कलाकारों के बीच जाकर फाल्गुन के गीतों में उनका साथ निभाया।
कटुता भुलाकर खुशियां बांटने का संकल्प
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने इस अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को होली की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित कीं। मुख्यमंत्री ने संदेश देते हुए कहा कि "रंगों के इस त्योहार पर सभी को कटुता भुलाकर खुशियों के साथ जीवन बिताने का संकल्प लेना चाहिए।"
जनप्रतिनिधियों और आमजन की गरिमामय उपस्थिति
इस भव्य होली महोत्सव के अवसर पर उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, डॉ. प्रेमचंद बैरवा, राज्यसभा सांसद श्री मदन राठौड़, श्रीमती मंजू शर्मा, विधायक श्री कुलदीप धनखड़, श्री गोपाल शर्मा सहित अन्य सांसद, विधायक, पूर्व सांसद और पूर्व विधायक उपस्थित रहे। साथ ही अन्य जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण एवं जैसलमेर से धौलपुर और हनुमानगढ़ से बांसवाड़ा सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से बहुत बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
