मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश में सुशासन एवं आमजन को राहत देने के प्रयासों के तहत स्वयं अनूठी मिसाल पेश करते हुए संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरण के परिवादी से संवाद कर हाथों-हाथ राहत प्रदान करवाई।

मात्र 2 घंटे में ही परिवेदना का हुआ निस्तारण

डूंगरपुर/जयपुर, 31 जनवरी। तद्नुरूप जिला प्रशासन डूंगरपुर ने भी तत्परता दिखाते हुए मात्र 2 घंटे में ही परिवेदना का निस्तारण कर सुशासन की मिसाल पेश की। मुख्यमंत्री श्री शर्मा के प्रदेश में पारदर्शी एवं सुशासन के लगातार प्रयासों के बीच संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों के परिवादियों से संवाद करने तथा उनका समाधान करने की अनूठी पहल की गई है।

मुख्यमंत्री का परिवादी जितेंद्र सिंह से संवाद

इसी के तहत शुक्रवार को मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने डूंगरपुर के बोडीगाम छोटा निवासी जितेंद्र सिंह से संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरण के संबंध में बात की। जिस पर जितेंद्र सिंह ने बताया कि:

"उन्होंने अपने बच्चों के मूल निवास एवं जाति प्रमाण पत्र हेतु 7 दिन पूर्व आवेदन किया था और इस संदर्भ में परिवेदना दर्ज की है।"

जिला प्रशासन की त्वरित कार्यवाही

इस पर मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जिला कलेक्टर डूंगरपुर श्री अंकित कुमार सिंह को अवगत कराने पर जिला कलक्टर द्वारा तत्काल कार्यवाही करवाते हुए मात्र 2 घंटे में ही हाथों हाथ मूल निवास एवं जाति प्रमाण पत्र जारी कर परिवादी को राहत प्रदान की गई।

जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह को शुक्रवार को दोपहर 3 बजे मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा परिवेदना के बारे में सूचना प्राप्त होते ही तत्परता दिखाते हुए कार्यवाही कर मात्र 2 घंटे के भीतर ही मूल निवास प्रमाण पत्र एवं जाति प्रमाण पत्र जारी करवा दिए गए।

प्रकरण की पृष्ठभूमि और आभार

जिला कलक्टर श्री सिंह ने बताया कि साबला तहसील के बोडीगाम छोटा निवासी जितेंद्र सिंह ने अपने बच्चों के संबंध में गुरुवार को परिवेदना प्रस्तुत की थी:

  • बच्चे: संयम एवं क्रिया
  • दस्तावेज: मूल निवास एवं जाति प्रमाण पत्र

परिवादी जितेंद्र सिंह ने भी इस तत्काल प्रमाण पत्र बनवाने एवं राहत देने के लिए राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story