तनोट माता मंदिर पुनर्विकास परियोजना में तेजी लाने के सीएम ने दिए निर्देश
श्रद्धालुओं के लिए ठहरने और पार्किंग जैसी सुविधाएं विकसित करने हेतु परियोजना की रिपोर्ट तैयार कर भूमि आवंटित की जा चुकी है।

जयपुर, 12 नवम्बर। विश्व प्रसिद्ध तनोट माता मंदिर में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार की पुनर्विकास परियोजना को गति देने की तैयारी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को परियोजना के सभी कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तनोट माता मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती सुविधागत आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने मंदिर के समग्र विकास की योजना तैयार की है। इस परियोजना के तहत यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था, पार्किंग सहित अन्य बेहतर सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
बैठक में राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत ने परियोजना की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार तनोट माता मंदिर की पुनर्विकास परियोजना के लिए भूमि आवंटित कर चुकी है। इसके साथ ही परियोजना की रिपोर्ट भी तैयार हो चुकी है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को परियोजना से जुड़े कार्यों में तेजी लाने और उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना को निर्धारित समय में धरातल पर उतारा जा सके।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय अखिल अरोड़ा, अतिरिक्त मुख्य सचिव नगरीय विकास एवं आवासन आलोक गुप्ता, प्रमुख शासन सचिव वित्त वैभव गालरिया, पर्यटन शासन सचिव शुचि त्यागी सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

