जयपुर, 18 फरवरी। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता राष्ट्र के लिए समर्पित भाव से कार्य करते हैं तथा जनता का उन पर अटूट विश्वास है। उन्होंने कहा कि राज्य के बजट में प्रत्येक विधानसभा में विभिन्न विकास कार्याें के लिए पर्याप्त बजटीय प्रावधान किए हैं जिससे हर क्षेत्र-हर वर्ग को राहत मिले। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि केन्द्र एवं राज्य सरकार के बजटीय प्रावधानों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर जन-जन तक पहुंचाएं।

श्री शर्मा बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर कोटा, अजमेर एवं भरतपुर संभाग के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि:

"हमारी सरकार संकल्प पत्र में किए गए वादों के अनुरूप पर निरन्तर प्रदेश के हित में कार्य कर रही है। केवल दो वर्षों में ही 72 प्रतिशत वादे पूरे किए जा चुके हैं।"

उन्होंने कहा कि प्रदेश में पानी की आवश्यकता को समझते हुए राज्य सरकार निम्न परियोजनाओं पर तेजी से कार्य कर रही है:

  • राम जल सेतु लिंक परियोजना
  • देवास परियोजना
  • यमुना जल समझौता
  • गंगनहर की मरम्मत
  • सोम-कमला-अम्बा परियोजना

प्रधानमंत्री विश्व में बढ़ा रहे देश का गौरव

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश का विश्वभर में गौरव बढ़ा है। स्वामी विवेकानंद जी ने कहा था कि 21वीं सदी भारत की है। प्रधानमंत्री उनके इस विचार को धरातल पर मूर्त रूप दे रहे हैं। हम सभी को इस संकल्प सिद्धी में अपना सक्रिय योगदान देना है।


भाजपा सरकारों ने सदैव जनकल्याण को दी प्राथमिकता

श्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश में जब-जब हमारी भाजपा की सरकार रही है, हमने जनता के बीच में रहकर सदैव विकास और जनकल्याण के कार्य किए हैं। पूर्व उपराष्ट्रपति स्व. भैंरोसिंह शेखावत, श्रीमती वसुन्धरा राजे से लेकर वर्तमान सरकार के कार्यकाल में जनहित को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी गई है।

कांग्रेस ने भेदभाव किया था, हमने 200 विधानसभाओं को दिया पर्याप्त बजट और पूर्ववर्ती भाजपा सरकार द्वारा शुरू की गई पहलों को निरन्तर विस्तार दिया जा रहा है।

  • भामाशाह और अन्नपूर्णा जैसी योजनाएं भाजपा सरकार के कार्यकाल में लाई गई।
  • कांग्रेस सरकार ने केवल योजनाओं का नाम बदलने का कार्य किया।
  • पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने 50 से अधिक जिले बनाए, लेकिन बजट आवंटन नहीं किया।
  • हमारी सरकार जिलों में बुनियादी ढांचे के विकास के लिए पर्याप्त बजट दे रही है।
  • पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत प्राप्त 6 हजार की राशि में 3 हजार रुपये जोड़कर इसे 9 हजार रुपये किया गया है।

राजस्थान विभिन्न योजनाओं में बेहतर कार्य करते हुए देश में अग्रणी

श्री शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जनकल्याण एवं विकास के कार्य कर रही है।

"प्रदेश ने विकास की विभिन्न योजनाओं में बेहतर कार्य करते हुए देश में अग्रणी स्थान प्राप्त किया है। राजस्थान 11 योजनाओं में प्रथम, 5 योजनाओं में द्वितीय और 9 योजनाओं में तृतीय स्थान पर है।"

किसान कल्याण के लिए प्रभावी योजनाएं:

  • कुसुम योजना
  • पीएम फसल बीमा योजना
  • किसान ऋण योजना
  • गोपाल क्रेडिट कार्ड

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत प्रदेश में लाखों लोगों ने स्वैच्छिक गिव-अप किया है, वहीं लाखों पात्र परिवार लाभान्वित हुए हैं।


इन्फ्रास्ट्रक्चर और चिकित्सा व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में इन्फ्रास्ट्रक्चर के विकास के लिए बजट में महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं:

  • जे.के. लोन अस्पताल में 500 बेड का आईपीडी।
  • आरयूएचएस में 200 बेड का पीडियाट्रिक आईपीडी मय निओनेटल आईसीयू।
  • महाविद्यालयों में इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास हेतु बजट प्रावधान।
  • जयपुर मेट्रो के विकास और विस्तार हेतु निरंतर कार्य।
  • अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस को संसाधनों एवं इन्फ्रास्ट्रक्चर हेतु बजट।
  • न्याय प्रक्रिया को मजबूत बनाने के लिए बजट प्रावधान।

पिछली कांग्रेस सरकार के 5 साल में किए गए कामों से ज्यादा हमारी सरकार ने 2 साल में काम किए हैं और प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।


कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य अतिथि

इस संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से जिलेवार फीडबैक लेते हुए वन-टू-वन संवाद किया। इस अवसर पर निम्नलिखित पदाधिकारी उपस्थित रहे:

  • श्री भागीरथ चौधरी (केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री)
  • श्रीमती वसुन्धरा राजे (पूर्व मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष)
  • श्री मदन राठौड़ (प्रदेशाध्यक्ष)
  • श्री किरोड़ी लाल मीणा (कृषि मंत्री)
  • श्री अरूण चतुर्वेदी (पूर्व प्रदेशाध्यक्ष)
  • श्री अशोक परनामी (पूर्व प्रदेशाध्यक्ष)
  • श्री सी. पी. जोशी (सांसद)
  • श्री राजेन्द्र राठौड़ (पूर्व नेता प्रतिपक्ष)
  • श्री ओंकार सिंह लखावत (राजस्थान धरोहर प्राधिकरण अध्यक्ष)
  • कोटा, अजमेर एवं भरतपुर संभाग के जिला अध्यक्ष, विधायक, पूर्व विधायक, प्रभारी, सह प्रभारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि।
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story