केरलम, 21 मार्च 2026। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार को केरलम विधानसभा चुनाव के मद्देनजर तिरुवनंतपुरम पहुंचे, जहाँ उन्होंने भाजपा के चार प्रमुख प्रत्याशियों के नामांकन दाखिल करने के कार्यक्रम में सम्मिलित होकर चुनावी हुंकार भरी।

विकसित भारत-विकसित केरलम का संकल्प

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा इस दौरे के दौरान केरलम भाजपा अध्यक्ष एवं नेमोम विधानसभा प्रत्याशी राजीव चन्द्रशेखर, कझाक्कुट्टम विधानसभा प्रत्याशी वी. मुरलीधरन, कट्टाकड़ा विधानसभा प्रत्याशी पी.के. कृष्णदास और वट्टियोरकावु विधानसभा प्रत्याशी आर. श्रीलेखा के नामांकन में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि — "प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केरलम की जनता विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों को अपना समर्थन देकर विकसित भारत-विकसित केरलम के संकल्प को साकार करेगी।" उन्होंने आगे जोर देते हुए कहा कि — "ये सभी प्रत्याशी जनभावना के अनुरूप केरलम में सुशासन और विकास की मजबूत नींव स्थापित करेंगे। इस बार केरलम की जनता ने बदलाव का मन बना लिया है।"

प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि और देव दर्शन

नामांकन प्रक्रियाओं के उपरांत मुख्यमंत्री तिरुवनंतपुरम स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पी. परमेश्वरन की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इससे पूर्व, उन्होंने प्रसिद्ध श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर में भगवान श्री विष्णु के दर्शन किए और आमजन की खुशहाली की मंगलकामना की। मुख्यमंत्री का तिरुवनंतपुरम पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया।

Next Story