यूपी और उत्तराखंड से लेकर दिल्ली-जयपुर तक ठिकाने बदलकर फरारी काट रहा कुख्यात अपराधी अभयराज उर्फ दानव आखिरकार सीआईडी के हत्थे चढ़ गया है। सीआईडी क्राइम ब्रांच पुलिस मुख्यालय की स्पेशल टीम ने 500 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद जयपुर के राजा पार्क इलाके से इस वांछित आरोपी को दबोच लिया। यह गिरफ्तारी पुलिस द्वारा वांछित अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष धरपकड़ अभियान के तहत एक बड़ी कामयाबी है।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस अपराध श्री बिपिन कुमार पाण्डेय के निर्देशन में गठित सीआईडी की टीम ने अलवर के कोतवाली थाना क्षेत्र में दर्ज जानलेवा हमले और एससी-एसटी एक्ट के मामले में फरार मुख्य आरोपी अभयराज उर्फ दानव को सफलतापूर्वक दस्तयाब किया। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक अलवर द्वारा 10,000 रुपये का नकद इनाम घोषित था।

घटना का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि 30 अगस्त 2023 की रात करीब 10:30 बजे परिवादी हरनेक सिंह उर्फ पप्पी और उसका चचेरा भाई प्रदीप सिंह उर्फ मांगली मोटरसाइकिल से नंगली सर्किल से त्रिपोलिया मंदिर की तरफ जा रहे थे। पुरानी रंजिश के चलते आरोपी अभयराज और उसके साथी अप्पू राजा ने अपनी मोटरसाइकिल से उन्हें टक्कर मारकर गिराने का प्रयास किया। जान बचाने के लिए प्रदीप सिंह जब पुरुषार्थी धर्मशाला की तरफ भागा, तो वहां घात लगाए बैठे प्रवीण गुर्जर, केतन मीणा, अनुराग मीणा, राज यादव और अन्य बदमाशों ने उसे घेर लिया और जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। मुख्य आरोपी अभयराज ने तलवार से प्रदीप के सिर पर वार किया, जिसे रोकने के प्रयास में पीड़ित के हाथ में गंभीर फ्रैक्चर और चोटें आईं। बदमाश उसे मरा हुआ समझकर फरार हो गए थे, जिसके बाद पीड़ित को सोलंकी हॉस्पिटल अलवर में भर्ती कराना पड़ा था।

आरोपी की शातिर प्रवृत्ति को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने इसकी गिरफ्तारी के लिए ‘ऑपरेशन दानव’ नाम से विशेष अभियान चलाया, जिसका नेतृत्व उप निरीक्षक श्री शैलेन्द्र कुमार ने किया। उप महानिरीक्षक श्रीमती राशि डोगरा डूडी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती नेहा अग्रवाल के सुपरविजन में टीम ने पिछले एक महीने से आरोपी की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी। वारदात के बाद से ही आरोपी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली और जयपुर के ग्रामीण क्षेत्र बस्सी में छिपकर पुलिस को चकमा दे रहा था।

अंततः हेड कांस्टेबल कृष्ण गोपाल शर्मा व अरुण कुमार शर्मा द्वारा मिले पुख्ता तकनीकी इनपुट के आधार पर सीआईडी सीबी ने राजा पार्क इलाके में घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। आरोपी को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए अलवर के थाना कोतवाली पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया है। गौरतलब है कि अभयराज का आपराधिक इतिहास 2019 से ही संगीन रहा है। वर्ष 2019 में उसके विरुद्ध अलवर के कोतवाली और अरावली विहार थाने में आर्म्स एक्ट और मारपीट के मामले दर्ज हुए थे। इसके अलावा, वह 2020 में झुंझुनू जिले के खेतड़ी थाना क्षेत्र में लीज विवाद को लेकर हुए भयंकर पथराव और अंधाधुंध फायरिंग में 30 वर्षीय युवक की हत्या का मुख्य आरोपी भी है। इस सफल कार्रवाई में टीम के उप निरीक्षक शैलेंद्र शर्मा, एएसआई शंकर दयाल शर्मा, हेड कांस्टेबल राम अवतार मीना, करणी सिंह, रविंद्र सिंह, शाहिद अली, बृजेश शर्मा, कुलदीप सिंह सहित कांस्टेबल सोहनदेव, नरेश कुमार व संजय कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story