चूरू जिला खेल स्टेडियम का नाम लेफ्टिनेंट जनरल सगत सिंह राठौड़ के नाम पर होगा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गौरव सेनानी समारोह में पूर्व सैनिकों के मानदेय में 20% वृद्धि और एकीकृत सैनिक कल्याण कॉम्पलेक्स निर्माण की घोषणा की।

चूरू के जिला खेल स्टेडियम में आयोजित गौरव सेनानी समारोह के दौरान पूर्व सैनिकों को सम्मानित कर जॉब लेटर सौंपते मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा।
चूरू/जयपुर, 8 मार्च। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राष्ट्र सेवा में राजस्थान के वीरों की अग्रणी भूमिका रही है और यहां गांवों में कोई न कोई ऐसा परिवार है जिसने सेना की वर्दी पहनी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सैनिक कभी सेवानिवृत्त नहीं होते, वे आजीवन राष्ट्रहित और समाजहित के लिए निरन्तर कार्य करते हैं तथा उनका त्याग और बलिदान से पूर्ण जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। श्री शर्मा रविवार को चूरू के जिला खेल स्टेडियम में आयोजित गौरव सेनानी समारोह को संबोधित कर रहे थे, जहाँ उन्होंने चूरू और शेखावाटी की धरती के देशप्रेम को जीवंत बताते हुए परमवीर चक्र विजेता पीरू सिंह, मेजर शैतान सिंह और लेफ्टिनेंट जनरल सगत सिंह राठौड़ जैसे वीर सपूतों को याद किया।
स्टेडियम का नामकरण और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर चूरू के जिला खेल स्टेडियम का नाम 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में अद्भुत साहस का प्रदर्शन करने वाले लेफ्टिनेंट जनरल सगत सिंह राठौड़ के नाम पर रखे जाने की बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत एक प्रमुख विश्व शक्ति बन कर उभर रहा है और भारतीय सेना ने सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयर स्ट्राइक, ऑपरेशन पराक्रम, ऑपरेशन रक्षक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे अभियानों के माध्यम से दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब दिया है। "आज हमारा देश रक्षा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहा है।"
वीरांगनाओं का सम्मान और समस्याओं का समाधान
श्री शर्मा ने कहा कि वीर सपूतों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है और वीर नारियों तथा वीरांगनाओं का त्याग भी हमारे लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वीर सैनिकों और उनके परिवारों की समस्याओं के समाधान के लिए राज्य सरकार कटिबद्ध है और इसी कड़ी में घर-घर जाकर पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके परिवारों से संवाद किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों तथा उनके आश्रितों को विभिन्न सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के लिए एकीकृत सैनिक कल्याण कॉम्पलेक्स का चरणबद्ध निर्माण कर रही है।
एकीकृत सैनिक कल्याण कॉम्पलेक्स और नई सुविधाएं
इन कॉम्पलेक्सेज में जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, युद्ध स्मारक, सैनिक कैंटीन, स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक भवन एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगे। प्रथम चरण में 36 करोड़ रुपये की लागत से जोधपुर, टोंक, शेरगढ़ और झुंझुनूं में इन कॉम्पलेक्स का निर्माण करवाया जाएगा। साथ ही जोधपुर में मेजर शैतान सिंह कौशल विकास एवं प्रशिक्षण केंद्र और झुंझुनूं में ‘वॉर म्यूजियम’ की स्थापना भी की जाएगी। राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए उन्होंने बताया कि आरटीडीसी के होटलों और गेस्ट हाउसों में वीरांगनाओं को 50 प्रतिशत और सेवारत एवं पूर्व सैनिकों को 25 प्रतिशत की छूट देने के साथ ही, नवीन जिला सैनिक कल्याण कार्यालय भी खोले जा रहे हैं।
मानदेय में वृद्धि और पेंशन में बढ़ोतरी
विभिन्न विभागों में रेक्सको के माध्यम से नियोजित पूर्व सैनिकों के मानदेय में पिछले 2 साल में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। इसके अतिरिक्त, द्वितीय विश्व युद्ध के पूर्व सैनिकों को मिलने वाली पेंशन को 10 हजार से बढ़ाकर 15 हजार रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। समारोह में सप्तशक्ति कमान के सेना कमाण्डर लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह ने कहा कि फौजी कभी अकेला नहीं रहता, इसी उद्देश्य को लेकर गौरव सैनानी समारोह आयोजित किया जा रहा हैै जो आपसी जुड़ाव और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि "एक्स सर्विसमैन सैकण्ड लाइन ऑफ डिफेंस के रूप में कार्य करते हैं।"
सम्मान एवं गरिमामयी उपस्थिति
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने इस दौरान पूर्व सैनिकों का सम्मान किया और जॉब लेटर सौंपे तथा वहां लगी प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। इस अवसर पर चूरू विधायक श्री हरलाल सहारण, पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री राजेंद्र राठौड़, पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष श्री देवेंद्र झाझड़िया सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ सैन्य अधिकारी, पूर्व सैनिक, वीर नारियां, वीरांगनाएं एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
