जयपुर, 6 सितम्बर। चूरू पुलिस ने नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज होने के महज तीन घंटे के भीतर आरोपी को दस्तयाब कर लिया। 4 सितम्बर 2026 को महिला थाना चूरू में परिवादी ने अपनी 8 वर्षीय दोहिती के साथ आरोपी सज्जन प्रजापत द्वारा दुष्कर्म किए जाने की रिपोर्ट दी थी।

रिपोर्ट के आधार पर महिला थाना चूरू में प्रकरण दर्ज किया गया। मामले में बीएनएस की धारा 65(2), पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4(2) तथा एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(2)(वी) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच एससी/एसटी सेल चूरू के पुलिस उप अधीक्षक हरि सिंह धायल को सौंपी गई।

पुलिस अधीक्षक चूरू निश्चय प्रसाद एम के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार और कृष्णा सामरिया के निकटतम सुपरविजन में महिला थाना थानाधिकारी कुसुमलता पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी संसाधनों और लोकेशन ट्रेसिंग की मदद से आरोपी सज्जन प्रजापत पुत्र ज्ञान सिंह निवासी चूरू की लोकेशन का पता लगाया और प्रकरण दर्ज होने के महज तीन घंटे के भीतर उसे दस्तयाब कर लिया।

इसके बाद आरोपी को अनुसंधान अधिकारी पुलिस उप अधीक्षक हरि सिंह धायल के सुपुर्द किया गया। अनुसंधान अधिकारी ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में महिला थाना थानाधिकारी कुसुमलता, सहायक उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, कांस्टेबल धर्मेन्द्र कुमार, महिला कांस्टेबल रजनी और चालक कांस्टेबल नन्दलाल की टीम की भूमिका रही। कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के साइबर सेल ने भी सहयोग किया। पूरी कार्रवाई में कांस्टेबल धर्मेन्द्र कुमार की विशेष भूमिका रही।

चूरू पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि अथवा अपराध से संबंधित जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

Next Story